नवादा. भारत सरकार के निर्देशानुसार बुधवार से हजार व पांच सौ रुपये के नोट बंद हो गये. इस संबंध में लीड बैंक मैनेजर ने बताया कि बुधवार को सभी बैंकों की शाखाओं को बंद रखा गया है, ताकि बैंक एटीएम में छोटे नोटों की आपूर्ति व बैंक शाखाओं में पर्याप्त मात्रा में छोटे नोटों की व्यवस्था कर सके.
उन्होंने बताया कि किसी भी प्रकार की अफरा-तफरी या असुविधा लोगों को न हो, इस लिए सभी शाखाओं को नोटों के विनिमय हेतु अतिरिक्त काउंटर खोलने की सलाह दी गयी है. एलडीएम के हवाले से बैंक के मंडल प्रमुख ने बताया कि भारतीय रिजर्व बैंक से छोटे नोटों की पहली खेप लगभग 38 करोड़ रुपये बुधवार की शाम तक कैरेंसी चेस्ट में पंहुच जाने की संभावना है. तदुपरांत यह शाखाओं में आवश्यकतानुसार आपूर्ति की जायेगी.
उन्होंने आश्वस्त किया कि ग्राहक धैर्य बनाए रखें तथा उनकी सुविधा के लिए सभी प्रकार के यथा संभव प्रयास किये जा रहे हैं. एलडीएम ने बताया कि 10 नवंबर से 30 दिसंबर की अवधि तक चार हजार रुपये या उससे कम मूल्य के पुराने नोट की जगह नये नोट प्राप्त कर सकते हैं. नोट बदलने हेतु संबंधित बैंक शाखा से प्राप्त फाॅर्म को भर कर मान्य पहचान पत्र व वोटर आइडी, आधार कार्ड, पैन कार्ड, मनरेगा कार्ड आदि देना होगा,ताकि वैसे लोग जिनका बैंकों में खाता नहीं खुला है. उनलोगों को पैसा बदलने में सुविधा हो तथा अपने आवश्यक कार्यों को संपादित कर सकें. एटीएम से 18 नवंबर तक प्रतिदिन प्रति कार्ड दो हजार रुपये की निकासी की जा सकती है.
19 नवंबर से प्रति कार्ड चार हजार रुपये की निकासी की जा सकती है. कोई भी व्यक्ति जिनका बैंक में अपना एकाउंट है, वे अपने पुराने 500 व 1000 के नोटों को अपने एकाउंट में जमा करा सकते हैं तथा प्रति दिन 10 हजार रुपये अथवा सप्ताह में 20 हजार रुपये नगद अपने खाते से निकाल सकते हैं.
इसके पश्चात बाद में इन सीमाओं को भी बढ़ाने का विचार किया जायेगा. उन्होंने बताया कि बैंकों द्वारा भारत सरकार के निर्देश के आलोक में सभी आवश्यक कदम उठाये गये हैं. इससे ग्राहकों को कम से कम असुविधा हो सके. जिला पदाधिकारी मनोज कुमार ने भी बैंकों द्वारा उठाये गये कदमों के बारे में बैंक पदाधिकारियों से विस्तृत जानकारी प्राप्त की व संबंधित पदाधिकारियों को कई आवश्यक दिशा निर्देश भी दिये.
