नवादा : छह पर्व को शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने व विधि-व्यवस्था को लेकर डीएम मनोज कुमार व पुलिस अधीक्षक विकास बर्मन ने अपने आदेश के तहत छठ घाटों, आस-पास के जगहों, जिले के महत्वपूर्ण स्थानों पर 312 दंडाधिकारियों व पुलिस पदाधिकारियों की तैनाती की है.
दोनों अनुमंडलों में नियंत्रण कक्ष बनाया गया है, जो संबंधित अनुमंडल पदाधिकारी के अधीन में काम करेगा. डीएम ने निर्देश दिया है कि अनुमंडल पदाधिकारी छठ घाटों, छठ घाट पर प्रवेश व निकास तथा आवागमन के मार्गों पर उचित रोशनी की व्यवस्था करना सुनिश्चित करेंगे. आवागमन के मागों में गड्ढे आदि हो तो उसे भरवाने का कार्य करेंगे. संयुक्त आदेश के तहत यह भी निर्देश दिया गया है कि छठ घाटों सहित भीड़-भाड़ वाले स्थानों में सादी वरदी में पुरुष व महिला पुलिसकर्मियों की प्रतिनियुक्ति करें.
सभी बीडीओ, सीओ, थानाध्यक्ष पर्व के दौरान विधि-व्यवस्था पर नजर रखने के साथ-साथ नदी, घाटों, तालाबों, सरोवरों की सफाई व सुरक्षा व्यवस्था को विशेष प्राथमिकता देंगे. पर्व के दौरान किसी भी प्रकार के विद्युत संबंधित शिकायत, समस्या व दुर्घटना के लिए फ्यूज कॉल सेंटर का मोबाइल नंबर 7033095811 व 7033095812 पर संपर्क किया जा सकता है. डीएम ने सिविल सर्जन को निर्देश दिया कि किसी भी प्रकार के आपात स्थिति से निबटने हेतु चिकित्सा पदाधिकारी, कर्मचारी व आवश्यक दवाईयों के साथ एंबुलेंस दोनों अनुमंडल नियंत्रण कक्ष में प्रतिनियुक्त करेंगे.
नजारत उप समाहर्ता को निर्देश दिया गया कि छह व सात को सभी महत्वपूर्ण घाटों पर वीडियोग्राफी करवायेंगे.अनुमंडल पदाधिकारी अपने स्तर से सुनिश्चित करेंगे कि अगर किसी कारणवश किसी स्थान पर प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी नहीं पहुंचते हैं तो उनके जगह पर दूसरे दंडाधिकारी को प्रतिनियुक्त कर जिला पदाधिकारी को सूचित करेंगे. असामाजिक तत्वों व अफवाह फैलाने वाले पर कड़ी निगरानी करने का निर्देश दिया है. पर्व के दौरान जिले के विधि-व्यवस्था के संपूर्ण प्रभार में उप विकास आयुक्त नवादा-9431818353 व पुलिस उपाधीक्षक अशोक कुमार दास-8544428448 रहेंगे.
