नवादा : अपने संसदीय क्षेत्र के दौरे पर पहुंचे केंद्रीय मंत्री और भाजपा नेता गिरिराज सिंह ने देश के अंदर कानून में परिवर्तन की जरूरत जताते हुए कहा कि मुसलमानों को दिये जाने वाला अल्पसंख्यक का दर्जा समाप्त कर देना चाहिए. गिरिराज सिंह ने कहा कि अल्पसंख्यकों को लेकर बना कानून उनकी समझ में नहीं आता है. गिरिराज ने कहा कि देश में मुसलमानों की आबादी 21 करोड़ है. उन्होंने कहा कि बिहार सरकार के सरकारी आंकड़ों में 19 प्रतिशत मुसलमान हैं फिर भी उन्हें अल्पसंख्यक कहना ठीक नहीं. गिरिराज सिंह ने किशनगंज की चर्चा करते हुए कहा कि वहां मुसलमानों की आजादी अस्सी फीसदी है फिर भी वहां मुस्लिम अल्पसंख्यक कहलाते हैं.
गिरिराज सिंह ने लखीसराय का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां मुसलमानों की आबादी मात्र दस प्रतिशत है. वहां भी वे अल्पसंख्यक कहलाते हैं. गिरिराज सिंह ने अल्पसंख्यक कानून में ही बदलाव की मांग की. उन्होंने सलाह दिया कि इस मामले पर देश में नये कानून बनाने की जरूरत है. गिरिराज ने कहा कि इस बात को धर्म ने ना जोड़ते हुए व्यवस्था से जोड़कर देखा जाये.
