विकास मित्र को सैकड़ों महिलाओं ने बनाया बंधक

नाराजगी. राशन सूची से नाम काटने पर फूटा गुस्सा नवादा : बुधवार को शहर के गढ़पर मोहल्ला के वार्ड नंबर आठ में राशन किरासन सूची से नाम काटे जाने पर सैकड़ों महिलाओं ने विकास मित्र धर्मेंद्र कुमार को घंटों बंधक बनाया. विकास मित्र पर लोगों ने नाम जोड़ने के बदले सौ-सौ रुपये लेने का भी […]

नाराजगी. राशन सूची से नाम काटने पर फूटा गुस्सा

नवादा : बुधवार को शहर के गढ़पर मोहल्ला के वार्ड नंबर आठ में राशन किरासन सूची से नाम काटे जाने पर सैकड़ों महिलाओं ने विकास मित्र धर्मेंद्र कुमार को घंटों बंधक बनाया. विकास मित्र पर लोगों ने नाम जोड़ने के बदले सौ-सौ रुपये लेने का भी आरोप लगाया है. पुलिस के पहुंचने पर विकास मित्र को छुड़ाया गया. महिलाओं का विरोध इस कदर था कि विकास मित्र के साथ सभी महिलाएं भी नगर थाना पहुंच गयी. आपूर्ति विभाग के एमओ के पहुंचने और लोगों को समझाने के बाद मामला शांत हुआ.
वार्ड पार्षद ममता देवी के आवास के पास विकास मित्र धर्मेंद्र कुमार के पहुंचते ही सैकड़ों महिलाओं ने विकास मित्र पर राशन किरासन सूची से नाम काटने और सर्वे के दौरान सौ-सौ रुपये लेने का आरोप लगाया है. रोज कमाने-खाने वाली महिलाओं समेत विधवा महिलाओं का नाम भी सूची से काट दिया गया. जिससे वार्ड के लोग नाराज थे.
सर्वे के बाद 314 की जगह 18 के नाम: विकास मित्र धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि सर्वे के दौरान पक्के मकान में रहने वाले लोगों का नाम राशन किरासन कूपन सूची से हटा दिया गया था. वार्ड पार्षद ममता देवी और समाज सेवी संजय कुमार ने बताया कि सूची में पहले 314 लोगों का नाम था, जबकि सर्वे के बाद मात्र 18 लोगों का नाम ही सूचि में रखा गया है. उन्होंने सरकारी नौकरी करने वाले लोगों का नाम भी सूची में जोड़े जाने का आरोप लगाया गया़
एमओ के आश्वासन पर मानीं महिलाएं: सूचना पाकर नगर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और बंधक बने विकास मित्र को छुड़ा कर अपने साथ ले गयी. नगर थाना में इंस्पेक्टर अंजनी कुमार की सूचना पर पहुंचे आपूर्ति विभाग के एमओ तौसीफ इकबाल ने हंगामा कर रही महिलाओं को मामले की जांच कर फिर से सूची बनाने का आश्वासन दिया, तो वे मानीं और अपने घर लौटीं. इस संबंध में सदर एसडीओ राजेश कुमार को सूचना दी गयी है.
नाम जोड़ने के नाम पर 100-100 रुपये लेने का आरोप
महिलाओं के बीच बंधक बना विकास मित्र.
क्या कहती हैं नाराज राशन कार्डधारी महिलाएं
मेरे घर में कोई कमाने वाला नहीं है. दूसरे के घरों में बर्तन साफ करती हूं, तो घर-परिवार चलता है. राशन कूपन नहीं मिलेगा] तो मेरे घर का खाना भी नहीं बनेगा.
सुमंती देवी
विकास मित्र ने सर्वे के दौरान मुझसे पैसे की मांग की थी. पैसा नहीं मिलने पर सूची से हमलोगों का नाम काट दिया गया. प्रशासन को भी सूचना दी गयी है. कूपन नहीं मिलने पर राशन नहीं मिल पायेगा.
उर्मिला देवी
मैं किराये के मकान में रहती हूं. सर्वे के दौरान मेरा पक्का मकान दर्शाया गया है. जबकि मुझे कच्चा मकान भी नसीब नहीं है. कूपन नहीं मिलने पर चूल्हा बंद हो जायेगा.
उर्मिला देवी
कूपन के वास्तविक हकदार को ही कूपन से वंचित कर दिया गया है. विकास मित्र ने पैसे लेकर नौकरी करने वाले लोगों का नाम जोड़ा है. हमलोग कूपन से वंचित हो गए हैं.
बिंदा देवी
क्या कहते हैं अधिकारी
सर्वे की जांच करा कर जरूरत पड़ी, तो फिर से लाभुकों को सूची में शामिल कराया जायेगा. वास्तविक रूप से वंचित लोगों को राशन किरासन सूची से जोड़ने का प्रयास किया जायेगा.
तौसीफ इकबाल, एमओ, नवादा

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >