अगिया बैताल पूजा समिति के भक्ति संध्या में झूमते रहे श्रद्धालु
एसपी ने की माता दुर्गा से राज्य व जिले की खुशहाली की कामना
नवादा कार्यालय. झूम झूम बजे मैया पांव पैजनिया.. की धुन पर श्रद्धालुओं की तालियों की गड़गड़ाहट से कलाकारों के हिम्मत को बढ़ाती दिखी. मौका था अस्पताल रोड स्थित देवी मंदिर में अगिया बैताल पूजा समिति द्वारा भक्तिमय संध्या का. शारदीय नवरात्र की शुरुआत के साथ ही पांच दिवसीय भक्तिमय संध्या कार्यक्रम का आयोजन किया गया. इसमें कलाकारों द्वारा माता दुर्गा की आराधना को लेकर भक्तिमय भजनों व नृत्य की प्रस्तुति की गयी.
कार्यक्रम का उद्घाटन एसपी विकास बर्मन व सदर एसडीओ राजेश कुमार, अध्यक्ष अशोक कुमार गुप्ता, पूर्व चेयरमैन संजय कुमार ने संयुक्त रूप से दीप जला कर किया. एसपी ने जिलेवासियों को नवरात्र की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि नवादा जिला प्रगति के पथ पर आगे बढ़े. यहां के वासी मिलजुलकर आपसी सौहार्द के साथ त्योहारों को मनायें. उन्होंने माता दुर्गा से राज्य व जिले की खुशहाली की कामना की. अनुमंडल पदाधिकारी ने जिलवासियों को दुर्गा पूजा की शुभकामनाएं दी हैं. कार्यक्रम में कलाकारों के बेजोड़ प्रस्तुति को देखने शहर भर से हजारों युवा, बूढ़े, बच्चे, महिलाएं पहुंची थीं.
भजन व नृत्य की हुई अनुपम प्रस्तुति : माता के जगराता गीतों के साथ भगवान गणेश, गौरी शंकर, सहित राम के भी भजन कलाकारों ने गये. वृंदावन में राधाकृष्ण व गोपियों की रासलीला का भी बड़ा आकर्षक नृत्य देखने को मिला.
गजब कर गयी हाय बड़की राधा की धुन पर दिल्ली की डांस ग्रुप ने मनमोहक नृत्य से लोगों को झूमने पर मजबूर कर दिया. बरसाने की होली…जो मोसे ना खेली होली, तू सुन ले नंद किशोरी..जो मुझसे की बरजोरी तो तेरी मेरी कट्टी हो जायेगी..जैसे गीतों पर राधाकृष्ण के भाव भंगिमाओं से भरे राधा बनी करिश्मा व कृष्ण बने नक्ष ने लोगों का भरपूर मनोरंजन किया. अपनी मधुर आवाज से उत्तरप्रदेश की गायिका ब्यूटी पांडेय, पिंकी सहित नंदनी स्वराज ने एक से बढ़ कर एक भजनों की प्रस्तुति से श्रद्धालुओं का दिल जीत लिया. उद्घोषक मनोज अलकतरा ने भक्तिमय वातावरण में देशभक्ति के भी जज्बे को प्रस्तुत करके भारत माता के जयकारे लगवाये. इस दौरान पूजा समिति के अध्यक्ष अशोक कुमार गुप्ता, पूर्व चेयरमैन संजय कुमार, संरक्षक संजय कुमार मिश्रा, संतोष सिन्हा, महेंद्र प्रसाद आदि उपस्थित थे.
