नवादा : रोह के आंबेडकर चौक से मोरमा जानेवाली बदहाल सड़क पर बुधवार को ट्रैक्टर पलटने से खाद्यान्न सड़क पर बिखर गया. डोर स्टेप डिलेवरी वाहन बेल्डीह जा रहा था. वहां जनवितरण दुकानदार गरभु महतो को चावल देना था. मगर बदहाल सड़क पर हिचकोले खाकर ट्रैक्टर पलट गया, जिस पर लदा चावल के 250 बोरे सड़क पर बिखर गये. सड़क पर ट्रैक्टर पलटने से कई बोरे फट गये. चावल कीचड़ में गिर कर बरबाद हो गया. ड्राइवर बिंदु पासवान ने बताया कि इस सड़क पर बहुत सारे गड्ढे हैं, जिससे ट्रैक्टर का पिछला पहिया का धुरा टूट गया.
इससे चावल सड़क पर बिखर गया. बताया जाता है कि इस सड़क से मोरमा, बेल्डीह, मेंहदीपुर, बजवारा के सैकड़ों लोग प्रतिदिन आवागमन करते हैं. इसी सड़क पर चार साल पहले ऑटो पलटने से रोह बाजार के व्यवसायी रोशन कुमार की मौत हो गयी थी. इस सड़क का निर्माण लगभग 30 वर्ष पहले हुआ था, लेकिन अभी तक इसकी मरम्मत नहीं हुई है. इससे आये दिन घटनाएं होती रहती हैं.
