जलापूर्ति योजनाओं की जांच के लिए गठित होगी कमेटी
नवादा : अध्यक्ष जिला निगरानी व अनुश्रवण समिति सह सांसद नवादा सह केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह की अध्यक्षता में जिला निगरानी व अनुश्रवण समिति की बैठक समाहरणालय स्थित डीआरडीए सभागार में आयोजित की गयी. बैठक में सर्वप्रथम पिछली बैठक की कार्यवाही की समीक्षा की गयी.
इंदिरा आवास की समीक्षा के क्रम में उप विकास आयुक्त द्वारा बताया गया कि एक अप्रैल 2016 से लाभुकों को एफटीओ के माध्यम से उनके खाते में राशि प्रखंड स्तर से हस्तांतरित की जा रही है. उन्होंने बताया कि 2016-17 हेतु इस योजना का नामाकरण प्रधानमंत्री आवास योजना हो गया है.
सामाजिक, आर्थिक व जाति आधारित जनगणना योजना 2011 की सूची से सुपात्र लाभुकों का चयन कर ग्राम सभा से अनुमोदन प्राप्त किया जाना है. प्राप्त दिशा निर्देश के आलोक में प्रखंड स्तर पर प्रक्रिया प्रारंभ की गयी है.अध्यक्ष सह मंत्री ने निर्देश दिया कि पूर्व के लंबित इंदिरा आवास को तेजी के साथ पूर्ण करें, साथ ही मुख्यमंत्री इंदिरा आवास जीर्णोद्धार योजना के लाभुकों से उपयोगिता प्रमाण पत्र लें. ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि लाभुकों द्वारा अधूरे व अपूर्ण इंदिरा आवास को पूर्ण करा दिया गया है.
ग्रामीण विद्युतीकरण योजना की समीक्षा के क्रम में कार्यपालक अभियंता विद्युत द्वारा बताया गया कि जिले में विद्युतकृत किये जानेवाले कुल गांवों की संख्या 969 है, जिसमें 1393 टोलों को विद्युतकृत किया जाना है. अभी तक एक हजार टोलों में विद्युतीकरण का कार्य पूर्ण कर लिया गया है. 43960 बीपीएल परिवारों को विद्युत प्रदान किया गया है. रोह पीएसएस से कौआकोल पीएसएस तक 33 केवी जर्जर तार बदलने का कार्य 21 किलोमीटर में से 15 किलोमीटर तक पूर्ण कर लिये गये हैं. अध्यक्ष ने निर्देश दिया कि विद्युतीकरण के कार्य में तेजी लाएं. उन्होंने उपभोक्ताओं द्वारा आये दिन बिजली बिल में शिकायत को लेकर सवाल पूछे.
जिला पदाधिकारी मनोज कुमार द्वारा बताया गया कि प्रत्येक महीने के 15 तारीख को विद्युत बिल में गड़बड़ी में सुधार करने हेतु जिले के सभी प्रखंडों में कैंप का आयोजन किया जाता है. मंत्री ने इसका व्यापक प्रचार-प्रसार करने व इसमें जन प्रतिनिधियों के सहयोग लेने की बात कही. जिला पदाधिकारी ने यह भी बताया कि विद्युत संबंधी शिकायतों को लेकर अनुमंडल लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी के कार्यालय में भी शिकायत दर्ज की जा सकती है. जहां निर्धारित समय में इसका तुरंत निबटारा हो जाता है.
अध्यक्ष सह मंत्री गिरिराज सिंह ने निर्देश दिया कि जिले में चल रही योजनाओं के बारे में जन प्रतिनिधियों की भी सूचना दें तथा उनका सहयोग प्राप्त करें. त्वरित ग्रामीण कार्यक्रम की समीक्षा के क्रम में मंत्री द्वारा निर्देश दिया गया कि जिले में चल रही सभी योजनाओं की जांच कराने हेतु एक कमेटी गठित की जाशे, जिसमें प्रखंड प्रमुख, वरीय उपसमाहर्ता व अन्य विभाग के एक अभियंता रहेंगे. कमेटी 15 दिनों में अपनी रिपोर्ट दे. मंत्री ने मेसकौर प्रखंड में जलापूर्ति हेतु विशेष कार्य योजना बनाने का निर्देष दिया, ताकि अगली गरमी में पेय जल की समस्या न हो.
कार्यपालक अभियंता पीएचइडी द्वारा बताया गया कि नवादा जिले में फ्लोराइड प्रभावित गांव व टोलों में शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने हेतु 36 अदद योजनाएं प्रस्तावित हैं, इससे आम लोगों को शुद्ध जल मुहैया कराया जा रहा है.जीविका की समीक्षा के क्रम में डीपीएम जीविका ने बताया कि जिले में 13986 स्वयं सहायता समूह का गठन किया गया है.
इसमें 1 लाख 67 हजार सदस्य हैं. वर्ष 2016-17 में पांच हजार 422 स्वयं सहायता समूह के गठन के विरुद्ध 1468 का गठन किया गया है. अध्यक्ष सह मंत्री ने निर्देश दिया कि जिले के सफलतम जीविका समूहों का केस स्टडी कर सर्वोत्तम व प्रेरणास्पद कार्य करने वाले जीविका समूह को चिह्नित कर, उन्हें प्रोत्साहित करने हेतु पुरस्कृत किया जाये. मंत्री ने जीविका के सहयोग से बनाये गये शौचालयों का जम कर प्रशंसा की.
उन्होंने शौचालय निर्माण के प्रति डीएम की सोंच को भी सराहा तथा स्वच्छ भारत मिशन कार्यक्रम के तहत शौचालय निर्माण में जीविका के सहयोग को लेकर डीएम की प्रशंसा भी की. स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के क्रम में मंत्री ने निर्देश दिया कि अस्पतालों में डॉक्टरों की उपस्थिति व दवाओं की उपलब्धता हर हाल में सुनिश्चित करवाया जाये. जिला पदाधिकारी मनोज कुमार ने बताया कि शनिवार को सभी पीएचसी में एक साथ औचक निरीक्षण करवाया गया है तथा स्वास्थ्य सेवाओं में हर संभव सुधार के लिए तेजी से प्रयास किया जा रहा है.
जलछाजन की समीक्षा के क्रम में मंत्री ने निर्देश दिया कि मनरेगा, मतस्य व जलछाजन द्वारा जिले में निर्मित तालाबों की सूची उपलब्ध करवाकर जांच टीम गठित कर उनकी जांच करवायी जाये.
जिले में बंद पड़े नलकूपों को भी दुरुस्त करवाने का निर्देश अध्यक्ष सह मंत्री द्वारा दिया गया. बैठक में हिसुआ विधायक अनिल सिंह, वारिसलीगंज विधायक अरुणा देवी, डीएम मनोज कुमार, जिला पर्षद अध्यक्ष पुष्पा देवी, मुख्य पार्षद नगर पर्षद इजहार रब्बानी, उप विकास आयुक्त एसएम कैसर सुल्तान, अपर समाहर्ता महर्षि राम सहित सभी वरीय पदाधिकारी व सदस्य उपस्थित थे.
