1.97 करोड़ रुपये मिले फिर भी शहर अंधेरे में

टेंडर नहीं होने से एक साल से लटका है मामला तत्कालीन विधायक पूर्णिमा यादव की अनुशंसा पर जारी हुए थे रुपये नवादा (सदर) : जिला मुख्यालय के सभी 33 वार्डों में दूधिया रोशनी की लाइट लगाने का मामला अधर में लटका हुआ है. कई तकनीकी पेंच में फंसे होने के कारण लाइट खरीदने के लिए […]

टेंडर नहीं होने से एक साल से लटका है मामला
तत्कालीन विधायक पूर्णिमा यादव की अनुशंसा पर जारी हुए थे रुपये
नवादा (सदर) : जिला मुख्यालय के सभी 33 वार्डों में दूधिया रोशनी की लाइट लगाने का मामला अधर में लटका हुआ है. कई तकनीकी पेंच में फंसे होने के कारण लाइट खरीदने के लिए टेंडर का मामला एक साल से लंबित पड़ा है. नगर विकास विभाग द्वारा स्थानीय तत्कालीन विधायक पूर्णिमा यादव की अनुशंसा पर जारी किये गये लगभग दो करोड़ रुपये का लाइट खरीद के लिए टेंडर नहीं हो पाया है. विभागीय लापरवाही के कारण लोगों को दूधिया रौशनी शहर में कहीं भी देखने को नहीं मिल रहा है.
लोगों का कहना है कि नगर पर्षद ने शहर के लोगों को दिवास्वपन दिखाने का काम किया है. प्रदेश के तत्कालीन नगर विकास मंत्री राकेश कुमार उर्फ सम्राट चौधरी ने विधायक पूर्णिमा यादव की अनुशंसा पर एक करोड़ 97 लाख रुपये एलइडी बल्ब लगाने के लिए जारी किये थे. सभी वार्डों में इसके लिए रूपरेखा भी तैयार कर लिया गया था. लेकिन, करोड़ों रुपये आवंटन के बाद भी अधिकारियों की लापरवाही के कारण शहर की सड़कों पर शाम होते ही अंधेरे कायम हो जाता है.
तकनीकी पेच में फंसा है टेंडर : जिला मुख्यालय के सभी 33 वार्डों में एलइडी लाइट लगाने के लिए विभागीय स्तर की सारी तैयारी पूरी कर लिए जाने के बाद अब तकनीकी मामला सामने आ रहा है.
नगर विकास विभाग का मानना है कि वैसी कंपनी या सप्लायर को टेंडर दिया जा सकता है, जो सारी शर्तों को पूरा कर पाता हो. जिला ही नहीं पूरे बिहार में इस तरह के सप्लायर की तलाश की जा रही है. लोगों का कहना है कि सप्लाइ करने वाली कंपनी द्वारा कुछ शुभ लाभ की शर्तों को पूरा नहीं किया जा रहा है, इसके कारण यह मामला अधर में लटका हुआ है.
नगर पर्षद की दुर्गापूजा पर होगी सौगात
पिछले एक साल से तकनीकी अड़चन के कारण एलइडी लाइट की खरीद नहीं हो पा रही थी. अब जल्द ही टेंडर करके लाइट खरीद कर शहर में लगाने का काम किया जायेगा. शहरवासियों को दुर्गापूजा के अवसर पर यह नगर पर्षद की ओर से सौगात होगी.
सरोज सिंह, उप मुख्य पार्षद, नगर पर्षद, नवादा
हाइमास्ट लाइट भी बनी शोभा
नगर पर्षद की ओर से विधायक पूर्णिमा यादव के विधायक कोषसे शहर के आठ स्थानों पर हाइ मास्ट लाइट भी आठ साल पूर्व लगाया गया था. महीनों तक खराब रहने के बाद नगर पर्षद की ओर से कई बार इसे ठीक कराया जाता रहा है, फिर भी स्थिति यही बनी हुई है. आठ में चार हाइ मास्ट लाइट हमेशा खराब ही रहता है. यह लाइट सिर्फ दिखाने भर को है.
विधायक ने आठ-आठ लाख रुपये सभी लाइट के लिए दिये थे. शहर को सुंदर बनाने के ख्याल से लगाये गये लाइट अपने मिशन में सफल नहीं हो पा रहा है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >