नवादा : अपूर्ण योजनाओं के लिए जिम्मेवार संबंधित पदाधिकारी पर कार्रवाई की जायेगी. पदाधिकारी अपूर्ण योजनाओं को पूरा करने के लिए अविलंब जरूरी प्रस्ताव से वरीय पदाधिकारी को अवगत करायें. उक्त बातें जिला पदाधिकारी मनोज कुमार ने जिला योजना की बैठक के दौरान सम विकास योजना समीक्षा के दौरान कहीं. उन्होंने उप विकास आयुक्त व कार्यपालक अभियंता की टीम बनाकर अपूर्ण योजनाओं के संबंध में जबावदेही तय की है.
उन्होंने कहा कि जांच टीम यह तय करेगी कि किन पदाधिकारियों के कारण योजनाएं अभी तक पूरी नहीं हो पायी है. गौरतलब है कि सम विकास योजना के अंतर्गत 21 योजनाएं अपूर्ण हैं तथा वर्तमान में इस योजना को समाप्त कर दिया गया है. इस योजना में अब नयी योजना नहीं ली जा सकती है. अत: डीएम ने जिला योजना पदाधिकारी को निर्देश दिया है कि तीन दिनों के अंदर सम विकास योजना की शेष राशि केंद्र सरकार को वापस करना है.
आदेश पूरा नहीं करने वाले अधिकारियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जायेगी. आइएपी योजना की समीक्षा में डीएम ने कहा कि बालू का बहाना बनाकर योजनाओं को धीमी गति नहीं दी जानी चाहिए. सभी अपूर्ण योजनाओं को ससमय पूरा करें. साथ ही समाहरणालय परिसर में बन रहे कंट्रोल रूम को जल्द से जल्द हैंडओवर करने का निर्देश दिया गया. आरइओ नवादा में एक योजना, आरइओ रजौली में पांच योजना, जिला अभियंता के पास पांच योजना, भवन की दो योजना, पथ निर्माण विभाग की दो योजना, डूडा की दो योजना, लघु सिंचाई की तीन योजना अधूरी हैं.
डीएम ने सभी विभागों से अपूर्ण योजनाओं में तेजी लाकर ससमय पूरा कर फोटो के साथ अधियाचना भेजने का निर्देश दिया है. बैठक में वरीय उपसमाहर्ता सह प्रभारी पदाधिकारी आईएपी, कार्यपालक अभियंता पथ निर्माण विभाग, कार्यपालक अभियंता भवन, कार्यपालक अभियंता डूडा, जिला योजना पदाधिकारी सीमोन तिर्की सहित कई पदाधिकारी उपस्थित थे.
