फर्जी कागजात पर बनाये जा रहे पासपोर्ट!

नवादा (सदर) : फर्जी दस्तावेज तैयार कर पासपोर्ट बनाने का गोरखधंधा तेजी से चल रहा है. खाड़ी देशों में कमाने के लिए लोगों में मची होड़ के कारण पासपोर्ट बनाने के लिए लोग फर्जी दस्तावेज भी तैयार कर रहे हैं. चार माह पहले शहर के तकिया पर मुहल्ले का निवासी बताकर बांगला देशी युवक का […]

नवादा (सदर) : फर्जी दस्तावेज तैयार कर पासपोर्ट बनाने का गोरखधंधा तेजी से चल रहा है. खाड़ी देशों में कमाने के लिए लोगों में मची होड़ के कारण पासपोर्ट बनाने के लिए लोग फर्जी दस्तावेज भी तैयार कर रहे हैं.
चार माह पहले शहर के तकिया पर मुहल्ले का निवासी बताकर बांगला देशी युवक का पासपोर्ट बनाने के लिए फर्जी दस्तावेज तैयार किया गया था. भले ही युवक को पटना पासपोर्ट कार्यालय में गिरफ्तार कर लिया गया. परंतु इस धंधे से जुड़े लोग अब भी फर्जी दस्तावेज तैयार करने से पीछे नहीं है. बुंदेलखंड थाने में दर्ज मामले में इस घटना से जुड़े आरोपियों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं हो पा रही है. विदेशी अधिनियम व धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया गया था.
एफआइआर के लिए नगर थाने को दिये रिपोर्ट में बुंदेलखंड ओपी प्रभारी साजिद अख्तर ने लिखा था कि मोहम्मद उनामूल हक, मोहम्मद आरिफ अरशद, मोहम्मद नूर, मोहम्मद जहांगीर व स्थानीय मुखिया निरंजन कुमार द्वारा साजिस के तहत धोखाधड़ी व जालसाजी कर फर्जी दस्तावेज तैयार किया गया था तथा बांगला देश का नागरिक होते हुए भी एनामुल हक को स्थानीय तकिया पर का व्यक्ति साबित कर पासपोर्ट बनाने में सफल हो गये.
इस प्रकरण में मोहम्मद आरिफ अरशद की मुख्य भूमिका होने की बात कही गयी थी. कॉल डिटेल में भी बांगला देशी युवक से आरिफ के कई बार बात होने का मामला सामने आया था. इस मामले में पुलिस अब तक भले की कोई कार्रवाई नहीं की हो. इसी का परिणाम है कि विदेश में नौकरी दिलाने का ठेका लेने वाले कई गिरोह नवादा में संचालित हैं, जो मोटी रकम लेकर बेरोजगार युवकों को फर्जी दस्तावेज के सहारे पासपोर्ट बनाने में सफल हो रहे हैं.
कुछ ऐसे भी लोग पासपोर्ट मैट्रिक के प्रमाणपत्र पर बनवा रहे हैं, जो कभी मैट्रिक का परीक्षा नहीं दी हैं और न ही मैट्रिक लिखना जानते हैं. ऐसे लोगों को भी फर्जी दस्तावेज पर पासपोर्ट बनवा दिया गया. खाड़ी देशों में नौकरी के लिए इंटरव्यू भी कराया जाता है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >