ब्यूटी पार्लर के रोजगार से महिलाएं सशक्त बनकर आगे बढ़ रहीं हैं. दूसरों को सुंदर बनाने का यह कारोबार शहर के गली-गली से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में भी लगातार अपनी पकड़ बनाता जा रहा है. शहर के अलावा अब छोटे-छोटे गांव के बाजारों में भी नये ब्यूटी पार्लर खुल रहे हैं. इस क्षेत्र में महारत हासिल करनेवाले एक्सपर्ट की डिमांड लगन में तो और बढ़ जाती है. व्यवसाय से जुड़ी महिलाएं सीधे आर्थिक रूप से भी सक्षम बन रही है.
नवादा (नगर) : ब्यूटी पार्लर का व्यवसाय दूसरों को सुंदर बनाने का काम है. शादी या पार्टी के लिए तैयार होना हो या सामान्य रूप से मार्केटिंग या अन्य कारणों से हो पार्लर के नियमित ग्राहकों की संख्या लगातार बढ़ रही है. शहरी क्षेत्रों से शुरू हुआ यह काम अब गांवों तक अपनी पहुंच बना लिया है.
ब्यूटीशियन का काम सीखने के लिए सैकड़ों लड़कियां व महिलाएं विभिन्न पार्लरों व ट्रेनिंग सेंटरों में प्रशिक्षण लेकर नाम व दाम दोनों कमा रहीं हैं. बेहतर काम करने वाली ब्यूटीशियनों की काफी डिमांड है. खासकर लगन के मौकों पर तो काम से छुट्टी ही नहीं मिल पाता है. दूसरों को सुंदर बनाने का काम आर्थिक रूप से भी फायदेमंद है. कई महिलाएं इस व्यवसाय को अपना कर न केवल अपना बल्कि परिवार में भी कमाने वाली मेंबर बन रही है.
पांच करोड़ से ज्यादा का है सालाना कारोबार : ब्यूटी पार्लर का सालाना व्यवसाय जिले में पांच करोड़ से अधिक का है. पार्लर से होनेवाली कमाई के साथ ही इसमे इस्तेमाल होने वाले हर्वल व कॉस्मेटिक प्रोडक्ट का बड़ा काम इससे जुड़ा हुआ है. पार्लर में इस्तेमाल होने वाले क्रीम के अलावे कई ऐसे प्रोडक्ट हैं जिनकी बिक्री भी पार्लर से होती है. साज श्रृंगार से संबंधित यह कारोबार लगातार बढ़ता जा रहा है. शहर से अब प्रखंडों के बाद छोटे-छोटे बाजारों व बड़े-बड़े गांवों में में भी बड़ी संख्या में पार्लर खुल रहे हैं.
खुला है रोजगार का मार्ग
ब्यूटी पार्लर में रोजगार के कई संभावनाएं है . ट्रेनिंग के बाद थोड़ी पूंजी लगा कर खुद का काम शुरू किया जा सकता है. यह घर से ही रोजगार शुरू करने का अच्छा माध्यम भी है. महिलाएं ब्यूटीशियन का कोर्स निजी स्तर पर बने पार्लर के साथ ही सरकारी व गैर सरकारी संस्थानों द्वारा चलाये जा रहे ट्रेनिंग सेंटरों के माध्यम से भी सीख रही है. दशरथ मांझी कौशल विकास योजना व केंद्र सरकार के कौशल विकास योजना के तहत भी ट्रेनिंग दिलाने की व्यवस्था की गयी है. यहां लड़कियां बड़ी संख्या में ब्यूटीशियन कोर्स कर कौशल प्राप्त कर रही है.
