भाजपा समर्थकों से हाथ मिलायेंगे राजद समर्थित सदस्य!
नवादा (सदर) : नवादा जिला पर्षद की बोर्ड इस बार कुछ अलग अंदाज में नजर आयेगा. राजद समर्थित सदस्यों के साथ मिल कर राजग गंठबंधन के सदस्य जिला पर्षद की बोर्ड बनाने की जुगाड़ में हैं.
इस मामले में बड़े नेताओं की भी बातचीत लगातार जारी है. 25 सदस्यीय जिला पर्षद में 13 सदस्यों के बोर्ड का गठन किया जाना है. हिसुआ विधायक अनिल सिंह, वारिसलीगंज विधायक अरुणा देवी के पति अखिलेश सिंह, रालोसपा नेता मोहम्मद कामरान व श्रवण सिंह के साथ कई नेता मिलकर बोर्ड गठन की तैयारी में हैं. बोर्ड गठन के मुद्दे को लेकर बड़े नेताओं की कई दौर की बैठक भी हो चुकी है. बोर्ड गठन से जुड़े कई जानकार नेताओं ने बताया कि ब्हाइट हाउस का बोर्ड नहीं बने इसको लेकर जिले में राजद समर्थित जिला पर्षद सदस्य व राजग समर्थित सदस्य एक मंच पर आ सकते हैं.
पता चला है कि जिला पर्षद अध्यक्ष पद के एक दावेदार ने तो ब्हाइट हाउस गुट का बोर्ड गठन न हो इसके लिए अध्यक्ष पद त्यागने की भी बात कही है. दोनों पक्षों में एक साथ होने के बाद 13 के जादुई आकड़ों को पार करना मुश्किल नहीं हो पायेगा. जानकार लोग बताते है कि ब्हाइट हाउस समर्थित जिला पर्षद सदस्य भी 13 के आकड़ों को पार करने के लिए कई रणनीति तैयार कर रहे हैं. बोर्ड चाहे किसी भी गुट का बने पर इस खेल में पैसों का खेल भारी पड़ेगा.
