काशीचक : प्रखंड की सात पंचायतों में से पंचायत समिति पद से निर्वाचित उम्मीदवार प्रमुख बनाने के लिए जोड़-तोड़ में लग गये है़ं जानकारी के अनुसार, सात पंचायतों से कुल 10 पंचायत समिति सदस्य खेमे बनने में जुट गये हैं. इसमें जाति, शिक्षा व पैसे को आधार मान कर खेमा का निर्माण किया गया है़
उल्लेखनीय है कि जिन खेमे में छह उम्मीदवार शामिल होंगे उस खेमे के प्रमुख बनेंगे. सूत्रों के अनुसार, आज के दौर में कोई भी पंचायत समिति सदस्य इस दौर से बाहर नहीं रहना चाह रहे हैं, जिसे लेकर काशीचक प्रखंड में प्रमुख पद के उम्मीदवारों की सूची में चार-चार उम्मीदवार शामिल है़
इन प्रमुख उम्मीदवारों द्वारा अन्य सदस्यों को उपप्रमुख के पद का लोभ देकर अपने पक्ष में करने का प्रयास किया जा रहा है़ बाजारों में हो रही चर्चा के अनुसार जिन सदस्यों को प्रमुख बनाने में भागीदारी निभानी है उनसे पीछे व उनके ऊपर अनेकों नेताओं ने अपना वर्चस्व जमाना शुरू कर दिया है़
साथ ही अन्य प्रखंड स्तरीय नेताओं का भी दिलचस्पी प्रमुख बनाने में है. लेकिन सोचना यह है कि प्रमुख पद बनाने में अहम भूमिका व जिम्मेवारी किनकी होगी़ जाहिर है कि पंचायत समिति सदस्य ही इन प्रमुख पद के उम्मीदवारों के तारणहार व खेवनहार होंगे. इसके सामने प्रमुख पद के नेताओं का चयन करना मुश्किल हो रहा है़ इसे लेकर पैसे, पद का लोभ और सामाजिक सहयोग को अहम माना जा रहा है़ अब आने वाला समय ही बतायेगा कि कौन प्रमुख बनेगा़ सभी अपने पक्ष में समर्थन जुटाने के लिए तरह-तरह के हथकंडे अपना रहे है़
काशीचक प्रखंड में अभी प्रमुख चुनाव दिलचस्प बना हुआ है़ बाजारों में चर्चा व लग रहे कयास के अनुसार, कैलाश मांझी, पंकज सिंह, बेबी देवी व जयराम प्रमुख पद के अहम दावेदार माने जा रहे हैं.
