सब्जी बाजार की सड़क अतिक्रमणकारियों के कब्जे से नहीं हो रही मुक्त
नवादा (सदर) : ऐसे तो कहने को पूरे जिलेभर में विभिन्न स्थानों पर अतिक्रमणकारियों का कब्जा है. परंतु शहर के सब्जी बाजार अतिक्रमणकारी के कब्जे में रहने के कारण सब्जी खरीदने वाले लोगों को परेशानियों का सामना रकना पड़ता है. अतिक्रमण के लिए सिर्फ सब्जी विक्रेता ही जिम्मेवार नहीं है, बल्कि बरतन बेचनेवाले दुकानदार भी सड़क अतिक्रमण कर अपना व्यवसाय चला रहे हैं.
लंबे-चौड़े भू-भाग में होने के बावजूद नवादा का सब्जी बाजार अतिक्रमणकारियों के कब्जे से मुक्त नहीं हो रहा है.
इसके कारण सब्जी बाजार में सब्जी की खरीदारी करने पहुंचे लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है. विजय बाजार के रास्ते, कलाली रोड के रास्ते, मेन रोड के रास्ते व पुरानी बाजार के रास्ते सब्जी बाजार पहुंचने में लोगों को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ता है. विजय बाजार की ओर से प्रवेश करने के दौरान दुकानदारों द्वारा अपने पीछे का हिस्सा छोड़कर सड़क की ओर ही सामग्री फैलाकर दुकान लगाया जाता है.
इससे आने-जाने वाले लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है. इससे ठीक आगे बढ़ने पर मसजिद के समीप तिमुहानी पर फैले कचरे के बाद भी दुकानदार सड़क पर ही अपना दुकान लगाते हैं, जिससे सब्जी की खरीदारी करने वाले लोग अंदर सब्जी बाजार प्रवेश करने के बजाय निकास रास्ते से ही सब्जी खरीदकर लौट जाते हैं. यही हाल कलाली रोड की ओर से सब्जी बाजार में प्रवेश करने वाले मार्ग पर भी देखने को मिलता है. सबसे बड़ी परेशानी का सबब यह है कि ऐसे अतिक्रमणकारी सब्जी विक्रेताओं के खिलाफ कोई भी मुंह खोलने की जहमत नहीं उठाता है.
प्रशासन व नगर पर्षद की ओर से भी सब्जी बाजार में अब तक अतिक्रमण हटाओ अभियान नहीं चलाया गया है. मेन रोड की ओर से सब्जी बाजार में प्रवेश करने के दौरान भी अतिक्रमणकारियों से ही मुलाकात होती है. लगभग 10 से 15 फुट चौड़ी सड़क पूरी तरह से अतिक्रमणकारी के कब्जे में ही है. आम रास्ते पर भी सामान रख दिये जाने के कारण खरीदारों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है. कभी-कभी तो ऐसे सब्जी विक्रेता पूरे सब्जी की टोकरी लगाकर आवागमन को भी ठप कर देते हैं.
इस दौरान बोलने वाले लोगों पर भी दुकानदार उलझ पड़ते है. सबसे बुरी हालात तो सब्जी बाजार के चौथे रास्ते यानी पुरानी बाजार की ओर से प्रवेश करने वाले मार्ग का है, यहां सब्जी विक्रेताओं के बजाय दोनों ओर के दुकानदारों द्वारा ही आधे सड़क तक अपना सामान लगाकर मार्ग अवरूद्ध कराने के साथ ही अतिक्रमण कर लिया गया है. ऐसे में इस रास्ते से सब्जी बाजार पहुंचने वाले लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है. हालात यह है कि बरतन दुकानदारों के साथ-साथ एक शीशा के दुकानदार द्वारा भी रोड पर कई तरह के सामान लगा दिया जाता है.
इसके कारण पैदल यात्रियों के साथ-साथ रिक्शा चालक व वाहन चालक को भी परेशानी होती है. और तो और जब कोई लोग बरतन दुकानदार व शीशा दुकानदार से अतिक्रमण हटाने की बात करता हैं, तो ऐसे में अतिक्रमणकारियों द्वारा उल्टे उलझ कर सब्जी खरीदारों को ही खरी खोटी सुनाते हैं. कभी-कभी तो हालात बद से बदतर हो जाती है. रास्ते को लेकर फुटपाथी दुकानदार व थोक सब्जी विक्रेताओं से भी झड़प हो जाती है.
