नवादा (सदर) : कृषि समन्वयक संघ के बैनर तले समन्वयकों ने मंगलवार को विभिन्न मांगों के समर्थन में कार्यों का बहिष्कार किया. इस दौरान नवादा जिला कृषि समनव्यक संघ के जिलाध्यक्ष राजेश रंजन ने कहा कि कृषि समन्वयकों की नियमित नियुक्ति हेतु निकाले गये विज्ञापन में अनुभव के आधार का लाभ दिये जाने की घोषणा की गयी थी.
परंतु बिहार सरकार के कृषि विभाग की ओर से इस अनुभव के आधार का लाभ नहीं दिये जाने के विरोध में जिले भर के कृषि समन्वयकों ने अपने कार्यों का बहिष्कार किया. उन्होंने कहा कि विभाग की वादा खिलाफी से प्रदेश भर में सभी कृषि समन्वयक कार्यों का बहिष्कार किया है.
इसके कारण किसानों के हितकारी योजनाओं (खरीफ अभियान व मृदा जांच अभियान) पर प्रतिकूल असर पड़ा है. संघ के अध्यक्ष ने बताया कि कृषि विभाग व बिहार कर्मचारी चयन आयोग की मिलीभगत के कारण कार्यरत कृषि समन्वयकों का भविष्य अधर में लटका हुआ है. साथ ही ऐसे समन्वयक मानसिक प्रताड़ना का शिकार हो रहे हैं. इस मौके पर दिलीप कुमार, राजेश शर्मा, सुभाष रंजन, राहुल देव वर्मा, मुकेश कुमार, राघवेंद्र नारायण, अभय कुमार, शैलेंद्र कुमार सहित अन्य समन्वयक मौजूद थे.
