शराबबंदी के पहले दिन पुलिस ने कई जगहों पर मारे छापे
नवादा (सदर) : एक अप्रैल से प्रदेश में शराब प्रतिबंध को लागू करने के उद्देश्य से उत्पाद विभाग ने शुक्रवार को जिले भर में लगभग 25 लाख रुपये की देसी शराब विभिन्न दुकानों से जब्त कर नष्ट कर दिया. उत्पाद विभाग ने लगभग चार लाख रुपये मूल्य की अंगरेजी शराब को भी दुकानों से जब्त कर लिया है़
उत्पाद अधीक्षक प्रेम प्रकाश की देखरेख में शुक्रवार की दोपहर पुराने शराब डिपो में जब्त शराब को अर्थमूवर चला कर नष्ट कर दिया गया़ उत्पाद अधीक्षक ने बताया कि विभाग की ओर से जिले भर में लगातार चलाये जा रहे छापेमारी अभियान के दौरान विभिन्न लाइसेंसी दुकानों में बची हुई लगभग चार लाख रुपये की अंगरेजी शराब जब्त की गयी है.
उन्होंने कहा है कि इसके साथ ही ग्रामीण इलाकों में भी बड़े पैमाने पर अवैध देसी शराब को जब्त करने के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. उन्होंने बताया कि अन्य स्थानों से बरामद देशी शराब को डिपो में ही लाकर नष्ट किया जायेगा.
शुक्रवार की सुबह से ही उत्पाद विभाग के अधिकारियों का दल दंडाधिकारी और पुलिस बलों के साथ जिले की विभिन्न शराब दुकानों में छापेमारी कर बची हुई शराब को जब्त करने की कार्रवाई शुरू कर दी़ गुरुवार की देर रात तक विभिन्न दुकानों में शराब के लिए लोगों की भीड़ देखी गयी थी़
देर रात तक होती रही शराब जब्ती की कार्रवाई : एक अप्रैल से पूर्ण शराब बंदी को लागू किये जाने को लेकर उत्पाद विभाग की टीम के साथ-साथ तैनात दंडाधिकारी भी पूरी तरह से सक्रिय रहे़
गुरुवार की देर रात तक जिले के विभिन्न इलाकों में शराबबंदी को लेकर छापेमारी की जाती रही़ उत्पाद अधीक्षक प्रेम प्रकाश के नेतृत्व में आठ अलग-अलग टीमों ने ग्रामीण क्षेत्रों में छापेमारी कर बड़े पैमाने पर अवैध शराब को जब्त किया है़ वारिसलीगंज में भी शराब जब्ती को लेकर चलाये गये अभियान में विभाग को सफलता मिली है़
