नवादा कार्यालय : जिले में सौहार्दपूर्ण व हर्षोल्लास के वातावरण में होली मनाने को लेकर डीएम मनोज कुमार व पुलिस अधीक्षक विकास वर्मन ने अपने संयुक्त आदेश के तहत जिले के 202 स्थानों पर 404 दंडाधिकारियों व पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति के साथ-साथ पर्याप्त संख्या में पुलिस बलों की तैनाती की है.
होली के अवसर पर विधि व्यवस्था संधारण हेतु समाहरणालय में 24 घंटे कार्य करनेवाली जिला नियंत्रण कक्ष की स्थापना की गयी है. इसका दूरभाष नंबर 06324-212261 है. जिला नियंत्रण कक्ष 22 मार्च की सुबह से कार्य करना प्रारंभ कर देगा, जो 25 मार्च की देर रात तक संचालित रहेगा. डीएम ने सभी प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों को निर्देशित किया है कि ससमय अपने प्रतिनियुक्ति स्थल पर पहुंच कर जिला नियंत्रण कक्ष को सूचित करें. अफवाह फैलानेवालों असमाजिक तत्वों पर प्रशासन की कड़ी नजर रहेगी. ऐसे लोगों को चिह्नित कर आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश डीएम द्वारा दिया गया है.
सादे पोषाक में पुलिसकर्मियों की प्रतिनियुक्ति की गयी है, जो भीड़-भाड़ वाले जगहों पर उपस्थित असमाजिक तत्वों पर अपनी कड़ी नजर रखेंगे. अश्लील गीत व गायन पर रोक लगायी जायेगी. जिला नियंत्रण कक्ष में ब्रजवाहन, अग्निशमन दस्ता, चिकित्सक दल के साथ एंबुलेंस किसी भी परिस्थिति से निबटने के लिए 24 घंटे तैनात रहेंगे. स्ट्रायकिंग मजिस्ट्रेट के रूप में डीपीआरओ परिमल कुमार जिला नियंत्रण कक्ष से बराबर संपर्क में रहेंगे. उप विकास आयुक्त एसएम कैसर सुल्तान (मोबाइल नंबर 9431818353) जिले के संपूर्ण विधि-व्यवस्था के प्रभारी रहेंगे.
जिला दंडाधिकारी सह समाहर्त्ता मनोज कुमार ने अपने आदेश के तहत 23 से 25 मार्च तक ड्राइ-डे घोषित किया है. इसके अंतर्गत जिले के सभी देसी-विदेशी, मसालेदार व शराब की दुकानें बंद रहेंगी. जिला पदाधिकारी मनोज कुमार ने जिलेवासियों को बिहार दिवस की शुभकामना देते हुए लोगों से अपील की है कि होली सौहार्दपूर्ण वातावरण में हर्षोल्लास के साथ मनाएं, किंतु दूसरे की भावनाओं का भी ख्याल रखें.
