नामांकन. समर्थकों को मिठाइयां खानी पड़ी महंगी
पकरीबरावां : प्रखंड में पंचायत चुनाव को लेकर विभिन्न पदों के लिए नामांकन करने आये प्रत्याशियों के तीन समर्थक अलग-अलग दुर्घटनाओं के शिकार हो गये, इसमें दो लोगों की मौत घटना स्थल पर हो ही गयी.
एक बुरी तरह से जख्मी को पीएचसी पकरीबरावां में इलाज के लिए लाया गया. मिली जानकारी के अनुसार, बुधौली पंचायत के मुखिया प्रत्याशी बंसती देवी नामांकन के उपरांत मुख्यालय से सटे भारत गैस गोदाम के निकट सड़क किनारे अपने समर्थकों को नाश्ता का पैकेट वितरण कर रही थी. उसी क्रम में समर्थक सुरेश यादव (45 वर्ष) स्कूली बस की चपेट में आ गये. इससे उसकी मौत हो गयी. दूसरी ओर इंटर विद्यालय के समीप रेवार रोड में एक अन्य उम्मीदवार के समर्थक की मौत वाहन दुर्घटना में हो गयी.
एरूरी पंचायत के मुखिया पद के प्रत्याशी नामांकन कराने के बाद विद्यालय के समीप मिठाई बांट रहे थे, तभी मुख्य बाजार की ओर से जा रही कमांडर गाड़ी की चपेट में आने से सोहानी कुमारी की मौत घटनास्थल पर हो गयी. जबकि मुख्य बाजार में झरझरी रिक्शा की चपेट में आने से बबलू कुमार जख्मी हो गये. घटना की सूचना पर पकरीबरावां पुलिस ने दुर्घटना में शामिल वाहन को जब्त कर लिया है.
