बेमौसम बारिश. सड़कों पर फैला कीचड़, पैदल चलना भी हुआ मुिश्कल
बेमौसम बरसात ने शहर की सफाई व्यवस्था की पोल खोल दी है. शहर की सड़कों पर कीचड़ से लोगों का पैदल चलना भी मुहाल हो गया है. कई स्थानों पर तो सड़कों पर कीचड़ व दुर्गंध से स्थिति और भी भयावह बनी हुई है. बारिश से कई फसलों को भी नुकसान हुआ है.
नवादा (नगर) : मौसम में आये बदलाव का असर जिले में साफ तौर से देखने को मिला. रात में हुई बारिश के बाद ठंड का प्रकोप बढ़ा है. वहीं बारिश के कारण सड़कों पर फैली गंदगी के कारण लोगों का आना जाना मुहाल हो गया है. नगर के लगभग सभी रास्तों में कीचड़ व गंदगी का अंबार लगा हुआ है. खास कर वैसे क्षेत्र जहां पिछले दिन नाली साफ की गयी थी, उसकी गंदगी में बरसात का पानी मिल जाने के बाद स्थिति और भी नरकीय हो गयी है.
नवादा के मुख्य मार्ग, मेन रोड में कीचड़ में घुस कर लोगों को आना-जाना पड़ रहा है. मैट्रिक परीक्षा को लेकर वैसे ही एक लाख से अधिक लोगों की अतिरिक्त भीड़ शहर में है. गंदगी के कारण परीक्षार्थियों को सुबह में परीक्षा केंद्र तक जाने में काफी मुसीबत का सामना करना पड़ा.बेमौसम बारिश से गंदगी के कारण नगर में सफाई व्यवस्था की पोल खुल गयी है. सफाई को लेकर नगर पर्षद द्वारा बड़े-बड़े दावे किये जाते हैं. लेकिन थोड़ी सी बारिश ने सफाई की पोल खोल दी. कूड़ा उठाव नहीं होने व नाली जाम के कारण सड़कों पर स्थिति बेहाल रहा. लोग पैदल भी नहीं चल पा रहे थे. परीक्षा के कारण समस्याएं और भी बढ़ी हुई थी.
फसल नुकसान को लेकर किसान चिंतित : अचानक हुई बारिश के कारण किसान परेशान दिखे. जहां खेतों में गेहूं व चना सहित कई अन्य सब्जियां लगी हुई है. वहीं गरमा मुंग को भी लगाने के लिए खेतों को तैयार किया गया है.
बारिश के कारण पके हुए फलों को नुकसान होने की चिंता किसानों को हुई. आम का मंजर लगभग सभी पेड़ों में काफी अच्छी स्थिति में लगी है. लेकिन बारिश व तेज हवा के कारण आम के मंजर को भी नुकसान हुआ है.
