नवादा (सदर) : नाबालिग छात्रा के साथ दुष्कर्म के मामले में आरोपित नवादा विधायक राजबल्लभ प्रसाद को पटना उच्च न्यायालय से जमानत मिलने की आस में उनके समर्थक बुधवार को पूरे दिन टकटकी लगाये रहे. इस मामले में राजबल्लभ के अधिवक्ता द्वारा पटना उच्च न्यायालय में अग्रिम जमानत संबंधी याचिका दायर की गयी थी. इस पर मंगलवार को सुनवाई होनी थी. परंतु मंगलवार को समय नहीं मिल पाने के कारण इसे बुधवार को बहस पर रखा गया था. बुधवार को भी इस मामले में कोई बहस नहीं हो पाने के कारण राजबल्लभ प्रसाद को राहत नहीं मिल पायी.
न्यायालय द्वारा अग्रिम जमानत याचिका स्वीकार कर लिये जाने जैसी खबर को सुनने को बेताव उनके समर्थक पूरे दिन हॉट लाइन पर बने रहे. पार्टी कार्यालय में भी यह खबर सुनने को लेकर उनके समर्थक, कार्यकर्ता बेचैन दिखे. जैसे-जैसे इस मामले को लेकर कार्रवाई बढ़ती जा रही है समर्थकों की बचैनी भी तेज होती जा रही है.
जल्द ही इस मामले को लेकर अग्रेत्तर कार्रवाई के तहत छापेमारी जैसी घटना को तेज करने का विचार किया जा रहा है. गौरतलब हो कि नालंदा के एक नाबालिग छात्रा के साथ दुष्कर्म करने के आरोप में महिला थाना बिहारशरीफ में एफआइआर नौ फरवरी को दर्ज करायी गयी थी.
पीड़ित छात्रा द्वारा फोटो के आधार पर राजबल्लभ प्रसाद की पहचान किये जाने के बाद नालंदा पुलिस ने इनके विरुद्ध कार्रवाई शुरू कर दी थी. पुलिस द्वारा राजबल्लभ प्रसाद के आवासीय कार्यालय सहित अन्य स्थानों पर भी कुर्की-जब्ती की कार्रवाई पूरी की जा चुकी है.
