शराब नहीं, जिंदगी चुनें

नवादा (नगर) : शराब के नशे में झूमते मंगरु जब घर परिवार से पूरी तरह बेकार हो जाता है, तब उसे शराब से होनेवाले नुकसान का एहसास होता है. आप मंगरु की तरह ठोकर खाये बिना भी शराब नहीं जिंदगी को चुने, इसी कहानी के थीम को लेकर जनसंपर्क विभाग के कलाकारों ने लोगों से […]

नवादा (नगर) : शराब के नशे में झूमते मंगरु जब घर परिवार से पूरी तरह बेकार हो जाता है, तब उसे शराब से होनेवाले नुकसान का एहसास होता है. आप मंगरु की तरह ठोकर खाये बिना भी शराब नहीं जिंदगी को चुने, इसी कहानी के थीम को लेकर जनसंपर्क विभाग के कलाकारों ने लोगों से शराब व नशा के पदार्थों का सेवन नहीं करने की अपील कर रहे हैं.
एक अप्रैल से लागू होनेवाले शराबबंदी को जिले में प्रभावकारी रूप से लागू करने व नशाबंदी कार्यक्रम में व्यापक जन सहयोग को लेकर सूचना व जन-सम्पर्क विभाग के तहत विभागीय सांस्कृतिक दल व प्रचार वाहन को डीपीआरओ परिमल कुमार व वरीय उपसमाहर्त्ता मुकेश कुमार ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया. इसके पूर्व डीएम मनोज कुमार ने सांस्कृतिक दल के कलाकारों से मिलकर कार्यक्रम की सफलता के लिए अपनी शुभकामना देते हुए कहा कि जिले में शराबबंदी पूर्ण रूप से लागू हो, उसमें आपकी भी एक महत्वपूर्ण भूमिका होनी चाहिए.
नुक्कड़ नाटक की टीम जिले के प्रमुख हाट-बाजारों, चौक-चौराहों, बस पड़ावों आदि महत्वपूर्ण स्थानों पर प्रखंडवार नाटक का प्रदर्शन करेगी. 14 दिनों तक चलनेवाला इस नाटक के प्रदर्शन के दौरान दर्शकों से शराब नहीं पीने की शपथ भी दिलायी जायेगी.
साथ ही उनसे शराबबंदी को लेकर सुझाव भी प्राप्त किया जायेगा. नारदीगंज के भट्ठा हाट, ओड़ो व बाजार खास में नुक्कड़ नाटक का प्रदर्शन मंगलवार को किया गया. इसे दर्शकों की काफी सराहना मिली. नाटक के प्रदर्शन के उपरांत उपस्थित कुछ दर्शकों का डीपीआरओ व उनके कार्यालय कर्मचारियों से उनके मोबाइल नंबर पर वार्ता करायी गयी, जिसमें नुक्कड़ नाटक के प्रदर्शन व उसके प्रभाव के बारे में दर्शकों से फिडबैक भी लिया जाता है.
”शराब नहीं जिंदगी चुनो” नामक नुक्कड़ नाटक में मंगरू, रामधनी काका, डॉ लोहा सिंह, कमला, पूजा आदि पात्रों ने शराब से होनेवाले बीमारियों व नुकसान के बारे में लोगों को उनके स्थानीय भाषा के माध्यम से बड़ी सहजता के साथ समझाया है. आओ मिलकर कसम खायें नशामुक्त बिहार बनायें, शराबबंदी ना हो सिर्फ नारा, बनालो इसको अपनी जीवनधारा जैसे नारों व गीतों द्वारा दर्शकों में मनोरंजन के साथ-साथ बरवस शराब की बुराइओं व नुकसान के प्रति प्रभाव डालने का अच्छा प्रयास किया गया है.
नुक्कड़ नाटक में विनोद कुमार, राजकुमार, शंकर राज, संतोष कुमार, स्वीटी कुमारी, गुड़िया कुमारी आदि कलाकारों द्वारा शानदार प्रदर्शन किया जा रहा है. शराबबंदी के लिए सभी स्तरों पर प्रचार प्रसार व जन जागरण का काम किये जा रहे हैं.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >