नवादा (सदर) : वारिसलीगंज के मीरचक गांव के एक व्यक्ति द्वारा आठवीं कक्षा की एक छात्रा के साथ दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है. पीड़ित बच्ची की मेडिकल जांच सदर अस्पताल में मंगलवार को की गयी.
बच्ची के पिता ने बताया कि मीरचक के मुन्ना महतो के ट्रैक्टर से खेत की जुताई हुई थी. खेत जुताई की मजदूरी 160 रुपये देने के लिए बच्ची गयी, तो मुन्ना महतो ने 40 रुपये लौटाने का बहाना लेकर बच्ची को अपने घर ले गया. वहां पिस्टल का भय दिखा कर बच्ची के साथ दुष्कर्म किया.
13 वर्षीय बच्ची ने सदर अस्पताल में बताया कि घटना के बाद पिस्टल दिखाते हुए मुन्ना ने गाली ग्लौज किया. मुंह नहीं खोलने के बाद 50 हजार रुपये देने की बात कह रहा था. बच्ची ने कहा कि मुन्ना ने धमकी देते हुए कहा कि किसी के सामने मुंह खोली, तो जान मार देंगे. सबसे दुखद पहलु यह है कि घटना की जानकारी मिलने के बाद गांव के लोग भी कुछ बोलने का प्रयास नहीं कर रहे हैं.
घटना के बाद से गांव में भय का माहौल कायम है. बच्ची के माता-पिता मेडिकल जांच कराने के लिए सदर अस्पताल आये. इससे पहले महिला थाना पहुंचे जहां केस तो दर्ज नहीं किया गये उल्टे मामले में समझौता करने की नसीहत दे दी गयी. पुलिस के वरीय अधिकारियों के निर्देश पर बच्ची की मेडिकल जांच सदर अस्पताल में की गयी. सदर अस्पताल की महिला चिकित्सक डॉ रागिनी सिन्हा ने जांच किया. बताया जा रहा है कि आरोपित पहले एक गिरोह का शूटर रहा है.
इसके डर से कोई भी कुछ बोलने को तैयार नहीं है. गौरतलब है कि दो दिन पहले ही दिल्ली की निर्भया कांड के आरोपित की रिहाई के बाद से लोगों को इस तरह की घटना होने की आशंका व्यक्त की जा रही थी. इस घटना के बाद से लोगों में भय का माहौल कायम है. बताया जा रहा है कि मामले को दबाने को लेकर राजनीतिक प्रयास भी किये जा रहे हैं.
