नवादा में 34 वर्ष पुरानी पुलिया बारिश में ध्वस्त, तीन प्रखंडों का संपर्क टूटा, हजारों लोगों की बढ़ी परेशानी

Nawada News : रजौली के उमराव बिगहा में 34 साल पुराना पुलिया गिरने से तीन प्रखंडों का संपर्क टूट गया है. ग्रामीणों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.

Nawada News : रजौली प्रखंड के लेंगुरा पंचायत अंतर्गत उमराव बिगहा मोड़ स्थित धमौल पइन पर बनी करीब 34 वर्ष पुरानी पुलिया लगातार बारिश के बीच सोमवार को ध्वस्त हो गई. पुलिया टूटने से रजौली प्रखंड के दर्जनों गांवों का संपर्क टूट गया है. साथ ही सिरदला, नरहट और अकबरपुर प्रखंड के लोगों के आवागमन पर भी इसका सीधा असर पड़ा है.

दो माह पहले ही ग्रामीणों ने जताई थी जर्जर पुलिया की चिंता

ग्रामीणों के अनुसार करीब दो माह पहले सड़क की मरम्मत का कार्य कराया जा रहा था. उस दौरान समाजसेवी शिव शंकर कुमार और पैक्स अध्यक्ष पवन कुमार सिंह ने संवेदक को पुलिया की जर्जर स्थिति से अवगत कराते हुए इसके निर्माण की मांग की थी. हालांकि संवेदक ने यह कहते हुए पुलिया के पास मरम्मत कार्य नहीं कराया कि पुलिया निर्माण का ठेका उन्हें नहीं मिला है. ग्रामीणों का आरोप है कि उस समय यदि पुलिया की मरम्मत या पुनर्निर्माण कराया जाता, तो आज यह स्थिति नहीं बनती.

दर्जनों गांवों का आवागमन बाधित, छात्र-छात्राओं को भी परेशानी

पुलिया ध्वस्त होने के बाद उमराव बिगहा, जमालपुर, पसरैला, रापुर, माधोपुर, दादपुर, औरैया, पतरंग, देवघटी, सलेमपुर सहित दर्जनों गांवों का संपर्क प्रभावित हो गया है. यह सड़क तारगीर बाजार को केंदुआ स्थित फोरलेन से जोड़ती थी. पुलिया टूटने से हजारों ग्रामीणों के साथ-साथ छात्र-छात्राओं को भी आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. पसरैला गांव के करुण कुमार ने बताया कि सोमवार सुबह करीब सात बजे पुलिया गिरने की सूचना मिली. राहत की बात यह रही कि हादसे के समय कोई व्यक्ति पुलिया पर मौजूद नहीं था, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई.

'जब तक पुलिया नहीं टूटेगी, नया निर्माण नहीं होगा'

उमराव बिगहा निवासी राजेश कुमार ने बताया कि सड़क मरम्मत के दौरान गांव के लोगों ने पुलिया निर्माण की मांग की थी, लेकिन इस दिशा में कोई पहल नहीं की गई. उनका आरोप है कि संवेदक ने स्पष्ट शब्दों में कहा था कि जब तक पुलिया पूरी तरह नहीं टूटेगी, तब तक नई पुलिया का निर्माण संभव नहीं है.

पंचायत समिति सदस्य ने पहले ही लिखा था पत्र

लेंगुरा पंचायत की पंचायत समिति सदस्य शैना कुमारी ने 29 जुलाई को प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) संजीव झा को पत्र लिखकर धमौल पुलिया के निर्माण के लिए विभागीय कार्रवाई करने की मांग की थी. इसके बावजूद समय रहते कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया.

ह्यूम पाइप डालकर आवागमन बहाल करने के निर्देश

ग्रामीण कार्य विभाग के कार्यपालक अभियंता मनोज कुमार ने बताया कि धमौल पुलिया के क्षतिग्रस्त होने की सूचना मिलते ही कनीय अभियंता को ह्यूम पाइप डालकर तत्काल आवागमन शुरू कराने के निर्देश दिए गए हैं. उन्होंने कहा कि संबंधित पुलिया का निर्माण उनके विभाग द्वारा नहीं कराया गया था. यदि सर्वे के दौरान क्षतिग्रस्त पुलिया का उल्लेख किया गया होता, तो सड़क मरम्मत के दौरान इसका भी निर्माण कराया जा सकता था.

वैकल्पिक व्यवस्था और नई पुलिया निर्माण की तैयारी

बीडीओ संजीव झा ने बताया कि पंचायत समिति सदस्य का आवेदन प्राप्त हुआ था. उन्होंने कहा कि धमौल पुलिया का निर्माण वर्ष 1992 के आसपास हुआ था. ग्रामीण कार्य विभाग से समन्वय स्थापित कर फिलहाल आवागमन की वैकल्पिक व्यवस्था की जा रही है. साथ ही नई पुलिया के निर्माण को लेकर भी आवश्यक विभागीय कार्रवाई शुरू कर दी गई है.

Also Read : अंतरराष्ट्रीय युवा संसद में नवादा की माही भारद्वाज बनीं 'बेस्ट डेलीगेट', बढ़ाया बिहार का मान



प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Kr manish dev

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >