गुजरात के व्यवसायी से Rs 1.70 करोड़ की ठगी का मामला
पेट्रोल पंप दिलाने के नाम पर की गयी ठगी
वारिसलीगंज (नवादा) : स्थानीय व गुजरात पुलिस ने शुक्रवार की देर रात संयुक्त रूप से छापेमारी कर ठगी के मामले में दो धंधेबाजों को गिरफ्तार किया, जिनके पास से नकद समेत अन्य कागजात बरामद किये गये.
जानकारी के अनुसार, शहर के बाइपास से कुछ कदम दूर पैंगरी पंचायत के दरियापुर निवासी वीरेंद्र सिंह उर्फ लाटो सिंह के पुत्र कल्लू सिंह के मकान में थानाध्यक्ष मनोज सुमन के नेतृत्व में छापेमारी की गयी, जिसमें कल्लू के साढ़ू का बेटा मनोज सिंह के पुत्र गोपाल कुमार व शेखपुरा जिले निवासी रामाश्रय सिंह के पुत्र विपुल कुमार को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया. वहीं, धंधेबाज के पास रहे 54 लाख 43 हजार रुपये के अलावा 33 एटीएम कार्ड, पांच मोबाइल, पासबुक व चेकबुक समेत अन्य कागजात बरामद किये गये.
रिलायंस की साइट एड कर डाटा हैक कर लिया था
गुजरात के मोरवी शहर के लिए रिलायंस पेट्रोल पंप का टेंडर निकाला गया था. ठगी गिरोह के धंधेबाजों ने रिलायंस का साइट एड कर डाटा हैक कर लिया.
बाद में गुजरात के मोरवी जिले के मोरवी तालुका थाना स्थित जयंतपुर निवासी चंद्रलाल के पुत्र हिरेनभाई पटेल को धंधेबाजों ने अपने जाल में फंसा लिया और बारी-बारी से विभिन्न खातों पर एक करोड़, 69 लाख व 55 लाख 200 रुपये की ठगी की. हिरेनभाई ने मोरवी थाने में धंधेबाजों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करायी.
इसके बाद पांच दिन पहले उक्त थाने के हेड काॅन्स्टेबल चंद्रकांत भाई पटेल के नेतृत्व में संजय भाई पटेल, योगीराज सिंह, रविराज सिंह आदि वारिसलीगंज थाने पहुंचे और स्थानीय थानाध्यक्ष मनोज सुमन के साथ संयुक्त रूप से मामले की तहकीकात शुरू की. इस दौरान जिस खाते पर राशि मंगायी गयी थी, वह खाता वासोचक गांव के लोगों के नाम से पाया गया. परंतु, खाते खोले जाने तक की जानकारी नहीं है. फिर पुलिस ने बात होनेवाले मोबाइल के लोकेशन के आधार पर सफलता पायी.
