चुनिंदा गीतों के पेन ड्राइव बांटे जाने पर जताया रोष
सामाजिक समरसता बनाये रखने की अपील
नवादा : रामनवमी जुलूस में जिला प्रशासन के सहयोगात्मक रुख नहीं होने पर सांसद व केंद्रीय राज्यमंत्री गिरिराज सिंह ने इसे आड़े हाथों लिया है. कहा कि जानकारी मिली है कि रामनवमी जुलूस के दौरान बजने वाले भक्ति गीतों से संबंधित पेन ड्राइव लोगों के बीच बांटे गये हैं. उन्होंने कहा कि सनातन धर्म अब किस तरह से पूजा पाठ करेगा यह जिला प्रशासन तय करने वाला कौन होता है. जिला प्रशासन पक्षपात करना बंद करे. उन्होंने कहा कि जब रामनवमी के जुलूस में पेन ड्राइव देकर कुछ चुनिंदा गीत ही बजाने के निर्देश दिये जा रहे हैं, तो क्या दूसरों के जुलूस में भी प्रशासन ऐसा ही करने की क्षमता रखता है. सोमवार को सर्किट हाउस में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि दशहरा, दुर्गा पूजा और नवरात्र करते हैं. इन सभी पूजा में हम बुराइयों पर अच्छाईयों का विजय मनाते हैं.
रामनवमी में भी मर्यादा पुरुषोत्तम राम को याद करते हैं. उनके बताये रास्ते पर चलने के लिए ही सनातन धर्म मार्ग प्रशस्त करता है. उन्होंने कहा कि सनातन धर्म का मूल तत्व वसुधैव कुटुंब है. यह किसी अन्य धर्म में नहीं है. सर्वे भवंतु सुखिना सर्वे संतु निरामया. लेकिन कुछ राजनीतिक दलों व जिला प्रशासन द्वारा सनातन धर्म को तार-तार करने का काम किया जा रहा है.
सेकुलरिज्म शब्द के जरिये सनातन धर्म पर प्रहार हुआ है. उन्होंने नवादा के लोगों से रामनवमी जुलूस के दौरान सामाजिक समरसता बनाये रखने की अपील की. साथ ही प्रशासन को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि प्रशासन नवादा के लोगों के सीधेपन का नाजायज फायदा नहीं उठाये. उन्होंने सनातन धर्म को मानने वाले लोगों से भगवान श्री रामचंद्र के जुलूस में शांति व सद्भाव के साथ एक मिसाल बनाने की अपील की. प्रशासन से भी जुलूस में शांति व्यवस्था को लेकर ठोस इंतजाम करने की बात कही है.
रामनवमी जुलूस में सहयोग करें अिधकारी
सांसद ने शांति समिति की बैठक के दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष को बिठा दिये जाने पर रोष जताया. कहा कि प्रशासन दोरंगी नीति न अपनाये. कहा कि जहां कहीं भी रामनवमी का जुलूस निकाला जा रहा है. प्रशासन सहयोग करे. हालात बेहतर रहे, इसके लिए प्रशासन को बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करनी होगी. न कि जुलूस को रोक देना या न जाने देना. या फिर अपने हिसाब से गीत बजवाना. उन्होंने कहा कि वह जिले के सभी रामनवमी समितियों को अपनी शुभकामना देते हैं. साथ ही शांति, शिष्टता और सादगी के साथ रामनवमी जुलूस संचालन का सुझाव भी.
कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी पर भी कसा तंज
गिरिराज सिंह ने बगैर नाम लिए कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी पर जम कर तंज कसा. इन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी के सत्ता में आने के बाद कांग्रेस ने अपना चाल-चरित्र और चेहरा बदल लिया है. अब लोग जनेऊ पहनना और दिखाना बेहतर समझने लगे हैं. मंदिरों में जाना मत्था टेकना इनकी दिनचर्या में शामिल हो गयी है.
इन्होंने बिना किसी का नाम लिये कहा कि यह अच्छा हुआ है. कम से कम संस्कार में कुछ बदलाव तो आया. बताया जाता है गिरिराज सिंह रविवार को आरा में आयोजित रामनवमी जुलूस में शामिल होकर देर रात को नवादा लौटे थे. सोमवार को इन्हें मेसकौर के बीजू बिगहा में आयोजित रामनवमी जुलूस में शामिल होना था. इसके पूर्व उन्होंने नवादा परिसदन में मीडिया को संबोधित किया. बीजू बिगहा के जुलूस में शामिल होने के बाद मंत्री दिल्ली लौट जायेंगे.
