आज डीएम से मिलेंगे एसबीआइ के प्रबंधक
नो ऑब्जेक्शन सर्टिफिकेट का फंस रहा मामला
नवादा : व्यवहार न्यायालय के पास वर्षों से बंद पड़ी एसबीआइ की एटीएम को चालू करने के लिए हरी झंडी मिल गयी है़ इस संबंध में डीएम मनोज कुमार ने एसबीआइ के मुख्य शाखा प्रबंधक पत्र लिखा था. डीएम ने कहा कि जिला एवं सत्र न्यायाधीश द्वारा निरीक्षण के पश्चात उक्त अधिष्ठापित एटीएम को चालू करने का निर्देश उन्हें दिया गया है़ इस पर डीएम ने अमल करते हुए एसबीआइ के मुख्य शाखा प्रबंधक को पत्र लिखा था. गौरतलब हो कि सालों से बंद इस एटीएम के कारण व्यवहार न्यायालय आनेवाले लोगों को परेशानी होती है.
इसी को ध्यान में रख कर जिला व सत्र न्यायधीश ने एटीएम का निरीक्षण कर इसे चालू करवाने के लिये डीएम को पत्र भेजा था. एसबीआइ के मुख्य शाखा प्रबंधक प्रेम कुमार ने बताया कि एटीएम चालू करने के मामले में ऊहापोह की स्थिति है. वर्तमान जिला एवं सत्र न्यायाधीश एटीएम चालू करने का आदेश दे रहे हैं, जबकि इनके पूर्व रहे जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने बंद करने का निर्देश दिया था. उन्होंने बताया कि वरीय अधिकारियों से इस पर परमिशन लेना होगा. जब तक नो ऑब्जेक्शन का सर्टिफिकेट नहीं मिलेगा, तब तक एटीएम चालू करने में दिक्कत है. इस मामले में सोमवार को वह डीएम से मुलाकात करेंगे.
