नवादा न्यूज : आवास योजना के लिए 40 करोड़ 28 लाख 40 हजार रुपये लाभुकों के खातों में ट्रांसफर
नवादा कार्यालय.
प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत जिले के 10,071 लाभुकों को कुल 40 करोड़ 28 लाख 40 हजार रुपये की सहायता राशि हस्तांतरित की गयी है. कार्यक्रम के दौरान डीडीसी प्रियंका रानी ने छह लाभुकों को स्वीकृति पत्र सौंपा. साथ ही वैसे लाभुक जिनका घर का निर्माण पूरा कर लिया गया है, उनको नये घर की चाबी सौंपी गयी. समाहरणालय में आयोजित कार्यक्रम में लाभुक गीता देवी, सुनैना देवी, पूजा देवी, प्रमिला देवी, सुनीता देवी व सीमा देवी को स्वीकृति पत्र दिया गया.पटना से लाइव कार्यक्रम का प्रसारण
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की ओर से प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत राज्यभर में तीन लाख लाभुकों के बैंक खातों में आवास योजना की प्रथम किस्त की 1200 करोड़ रुपये सहायता राशि दी गयी है. इस अवसर पर समाहरणालय सभागार में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री के वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग प्रसारण को दिखाया गया. इस कार्यक्रम में शामिल जिले की लाभुक महिलाओं के बीच डीडीसी व अन्य अधिकारी भी शामिल थे.आवास योजना की विशेषताएं
प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण का उद्देश्य राज्य के बेघर एवं कच्चे मकान में रहने वाले परिवार को बुनियादी सुविधाओं से युक्त पक्का आवास प्रदान करना है. इस योजना के तहत प्रत्येक लाभुक को तीन किस्तों में कुल एक लाख 20 हजार रुपये की सहायता राशि दी जाती है. इसमें केंद्रांश के रूप में केंद्र सरकार 60% यानि 72,000 रुपये तथा राज्यांश के रूप में राज्य सरकार 40% यानि 48,000 रुपये देती है.अन्य तरीके से भी दिया जाता है लाभ
आवास योजना के तहत गरीब लोगों को घर बनाने के लिए अन्य तरीके से भी आर्थिक मदद की जाती है. इसमें मनरेगा के तहत 90 दिनों की अकुशल मजदूरी के रूप में 22,050 रुपये दिये जाते हैं. लोहिया स्वच्छ बिहार अभियान के अंतर्गत शौचालय निर्माण के लिए 12,000 रुपये दिये जाते हैं. इस प्रकार लाभुकों को कुल 1 लाख 54 हजार 50 रुपये की सहायता राशि प्राप्त होती है.क्या कहते हैं अधिकारी
प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत नवादा जिले के 10,071 लाभुकों को कुल 40 करोड़ 28 लाख 40 हजार रुपये भेजे गये हैं. इसके अलावे बिहार को 7,90,648 आवासों का लक्ष्य प्राप्त है, जिसमें से 6,75,915 लाभुकों के आवास की स्वीकृति दी जा चुकी है. अब तक 2,44,450 लाभुकों को प्रथम किश्त का भुगतान किया जा चुका है. आज के कार्यक्रम में राज्य में तीन लाख लाभुकों को प्रथम किस्त के रूप में 1200 करोड़ रुपये की सहायता राशि प्रदान की गयी. इस योजना के तहत इन परिवारों को कुल 4,621.50 करोड़ रुपये की सहायता राशि प्राप्त होगी.प्रियंका रानी,
डीडीसीडिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
