Bihar Railway News: उत्तर प्रदेश और बिहार को जोड़ने वाले नरकटियागंज-गोरखपुर रूट पर पड़ने वाले यूपी के पिपराइच और उनौला रेलवे स्टेशनों के बीच पटरियों के डबलिंग का काम हो रहा है. इस वजह से रेल प्रशासन ने कई सवारी गाड़ियों के परिचालन पर पूरी तरह ब्रेक लगा दिया है. पूर्वोत्तर रेलवे की तरफ से उनौला और पिपराइच स्टेशनों के बीच प्री-इंटरलाॅकिंग और नॉन-इंटरलाॅकिंग का तकनीकी काम शुरू किया जा रहा है. इस कंस्ट्रक्शन और सिग्नलिंग प्रोजेक्ट को समय पर पूरा करने के लिए रेलवे ने आगामी 20 मई से लेकर 9 जून तक कुल 20 दिनों का एक बड़ा मेगा ट्रैफिक ब्लॉक लिया है.
इस ब्लॉक के कारण इस रूट पर चलने वाली कई पैसेंजर और समर स्पेशल ट्रेनें पूरी तरह से कैंसिल रहेंगी, जबकि लंबी दूरी की कई एक्सप्रेस गाड़ियों को उनके पुराने रास्ते के बजाय बिल्कुल नए और बदले हुए रूट से चलाने का फैसला किया गया है. रेलवे के सीपीआरओ सुमित कुमार ने बताया कि जिन ट्रेनों का मार्ग परिवर्तित किया गया है, उन्हें मुजफ्फरपुर, छपरा ग्रामीण, भटनी और गोरखपुर के रास्ते निकाला जाएगा ताकि यात्रियों को कम से कम परेशानी हो.
20 मई से 9 जून के बीच पूरी तरह निरस्त रहने वाली पैसेंजर सवारी गाड़ी
ब्लॉक के कारण रोज चलने वाली लोकल पैसेंजर ट्रेनों को सबसे ज्यादा प्रभावित होना पड़ा है. इसमें गाड़ी संख्या 55097 नरकटियागंज-गोरखपुर कैंट पैसेंजर 20 मई से लेकर 9 जून तक पूरी तरह रद्द रहेगी.
गाड़ी संख्या 55096 गोरखपुर कैंट-नरकटियागंज पैसेंजर, गाड़ी संख्या 55098 गोरखपुर कैंट-नरकटियागंज पैसेंजर, गाड़ी संख्या 55048 गोरखपुर कैंट-नरकटियागंज पैसेंजर, गाड़ी संख्या 55047 नरकटियागंज-गोरखपुर कैंट पैसेंजर और गाड़ी संख्या 55039 नरकटियागंज-बढ़नी पैसेंजर ट्रेन आगामी 20 मई से लेकर 8 जून तक अपने तय शेड्यूल पर नहीं चलेंगी.
दिल्ली, सीतामढ़ी, भागलपुर और आनंद विहार जाने वाली ये स्पेशल गाड़ियां भी हुईं कैंसिल
लोकल पैसेंजरों के अलावा दिल्ली और पंजाब की तरफ जाने वाली कई लंबी दूरी की समर स्पेशल और वीकली स्पेशल ट्रेनों को भी रेलवे ने अलग-अलग तारीखों पर निरस्त करने का आदेश जारी किया है. इसके तहत गाड़ी संख्या 04010 दिल्ली-मोतिहारी स्पेशल ट्रेन 28 मई और 4 जून को नहीं चलेगी. गाड़ी संख्या 04009 सीतामढ़ी-दिल्ली स्पेशल ट्रेन 30 मई और 6 जून को रद्द रहेगी.
गाड़ी संख्या 09451 गांधीधाम-भागलपुर स्पेशल ट्रेन 29 मई और 5 जून को निरस्त रहेगी, जबकि इसकी वापसी गाड़ी संख्या 09452 भागलपुर-गांधीधाम स्पेशल 1 जून और 8 जून को पटरी पर नहीं उतरेगी. इसके अलावा सीमांचल क्षेत्र के यात्रियों के लिए चलने वाली गाड़ी संख्या 05579 पूर्णिया कोर्ट-आनंद विहार टर्मिनस स्पेशल ट्रेन 24 व 31 मई और 5 व 7 जून को नहीं चलेगी, वहीं गाड़ी संख्या 05580 आनंद विहार टर्मिनस-पूर्णिया कोर्ट स्पेशल ट्रेन को भी 26 मई और 2, 7 व 9 जून को पूरी तरह से निरस्त रखा जाएगा.
बिहार की ताजा खबरों के लिए क्लिक करें
मुजफ्फरपुर, कटिहार और सहरसा की इन एक्सप्रेस ट्रेनों के मार्ग में किया गया बड़ा बदलाव
मेगा ब्लॉक के दौरान इस रूट से गुजरने वाली कई बेहद महत्वपूर्ण एक्सप्रेस ट्रेनों को रद्द न करके उन्हें दूसरे लंबे रास्तों से निकालने की व्यवस्था की गई है. बदले हुए रूट के तहत गाड़ी संख्या 15705 कटिहार-दिल्ली एक्सप्रेस 21 मई को और गाड़ी संख्या 15706 दिल्ली-कटिहार एक्सप्रेस 2 व 5 जून को नए रास्ते से चलेंगी.
गाड़ी संख्या 15052 गोरखपुर-कोलकाता एक्सप्रेस 21 और 28 मई को, गाड़ी संख्या 15002 देहरादून-मुजफ्फरपुर एक्सप्रेस 30 मई और 5 जून को तथा गाड़ी संख्या 19037 बांद्रा टर्मिनस-बरौनी एक्सप्रेस 20 मई और 6 जून को डायवर्टेड रूट से चलाई जाएगी.
गाड़ी संख्या 15530 आनंद विहार टर्मिनस-सहरसा एक्सप्रेस 21 मई को, गाड़ी संख्या 19270 मुजफ्फरपुर-पोरबंदर एक्सप्रेस 24 व 31 मई और 1, 7 व 8 जून को अपने बदले रूट से चलेगी. गाड़ी संख्या 19269 पोरबंदर-मुजफ्फरपुर एक्सप्रेस 5 जून को और इस रूट की सबसे मशहूर वीआईपी ट्रेन गाड़ी संख्या 12557 मुजफ्फरपुर-आनंद विहार टर्मिनस सप्तक्रांति एक्सप्रेस 7 जून को मुजफ्फरपुर-छपरा-भटनी के बदले रूट से चलाई जाएगी. इससे इन ट्रेनों के पहुंचने के समय में थोड़ी देरी हो सकती है.
इसे भी पढ़ें: अपराध छोड़ो, अभी और एनकाउंटर होंगे, सम्राट के मंत्री बोले- गोली का जवाब गोली से मिलेगा
