Nalanda News: बिहार के नालंदा जिले के बिंद थाना इलाके के अमावा गांव में रविवार रात एक तिलक समारोह की खुशी अचानक मातम में बदल गई. समारोह में हर्ष फायरिंग करने की कोशिश के दौरान एक युवक की जान चली गई. घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और लोग घबरा गए. पुलिस अब पूरे मामले की जांच कर रही है.
कैसे लगी गोली
मृत युवक की पहचान सरमेरा थाना क्षेत्र के गौसनगर निवासी छोटू कुमार के रूप में हुई है. परिवार वालों के अनुसार छोटू की शादी सिर्फ सात दिन बाद होने वाली थी. वह अपने दोस्त मंटू कुमार के तिलक समारोह में शामिल होने अमावा गांव गया था.
समारोह में खुशी का माहौल था और छोटू अपने दोस्तों के साथ स्टेज पर डांस कर रहा था. इसी दौरान उसने जेब से देसी कट्टा निकाल लिया और उसे दिखाने लगा. नाचते-नाचते जब वह उसमें गोली भरने की कोशिश कर रहा था, तभी अचानक ट्रिगर दब गया और गोली सीधे उसे लग गई.
हथियार की तलाश
घटना के तुरंत बाद वहां मौजूद लोग उसे अस्पताल लेकर गए, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया. इस हादसे के बाद पूरे समारोह में सन्नाटा छा गया और परिवार वालों में चीख-पुकार मच गई.
सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया है ताकि घटना के हर पहलू की जांच की जा सके. पुलिस उस हथियार की तलाश कर रही है जिससे गोली चली थी.
बिहार की ताजा खबरों के लिए क्लिक करें
मृतक का रहा है आपराधिक रिकॉर्ड
जानकारी के मुताबिक छोटू दिल्ली में रहकर काम करता था और शादी की वजह से घर आया हुआ था. पुलिस ने यह भी बताया कि उसका पहले से आपराधिक रिकॉर्ड रहा है. वह पहले अवैध हथियार रखने और लूटपाट जैसे मामलों में जेल भी जा चुका था.
इसे भी पढ़ें: बिहार में पुलिस टीम पर हमला, दो एसआई समेत तीन घायल, पांच गिरफ्तार
