हादसा. अधिवक्ता की हत्या का मामला संदेह के घेरे में
मृतक की पत्नी का देवर से अवैध संबंध की बात बता रहे हैं ग्रामीण
एसडीओ को लिखित तौर पर दी पूरी जानकारी
हिलसा/बिहारशरीफ : गुरुवार की सुबह थाना क्षेत्र के गुलनी गांव में घटी एक घटना में मौत के शिकार हुए अधिवक्ता जगदीप प्रसाद के मामले में कई तरह की बातें सामने आ रही है.बताया जाता है कि अधिवक्ता की पुत्री इंटर में फेल हो गयी थी. इस बात का ताना चाची द्वारा मारा जा रहा था. ताने से दोनों परिवार के बीच मनमुटाव काफी गहरा गया था. हालांकि दोनों परिवार के बीच जमीन का पुराना विवाद भी चला आ रहा था. इधर ग्रामीणों ने एसडीओ को लिखित तौर पर यह जानकारी दी गयी है कि अधिवक्ता की पत्नी का अपने देवर के साथ अवैध संबंध था. इस बात का विरोध अधिवक्ता अपनी पत्नी के समक्ष किया करते थे.
आये दिन इस बात को लेकर दोनों परिवारों के बीच मारपीट की घटनाएं घटती थी.इसी बीच इंटर का रिजल्ट आया.इंटर की परीक्षा में अधिवक्ता की पुत्री फेल हो गयी.इस बात का ताना चाची द्वारा दिया जाने लगा.यह ताना आग में घी डालने का काम किया. गुरुवार की सुबह दोनों परिवार के समर्थक मौके पर जुट कर एक दूसरे पर रोड़ेबाजी करने लगे. लोगों ने एक दूसरे के साथ मारपीट की.
अधिवक्ता की पत्नी श्याम सुंदरी देवी अपने पति के हत्या का सीधा आरोप अपने चचेरे देवर पर लगाया है.महिला का कहना है कि रोड़ेबाजी की घटना के वक्त चचेरे देवर द्वारा ही पति को कब्जे में लेकर ईंट व पत्थर से पीट-पीट कर हत्या कर दी गयी.वहीं पुलिस की तफ्तीश बताती है कि मृतक के शरीर पर चोट के कोई निशान नहीं पाये गये हैं.हत्या का यह मामला पूरी तरह संदेह के घेरे में आ गया है.थाना क्षेत्र के गुलनी गांव में घटी इस घटना में वहां के ग्रामीणों का कहना है
कि अधिवक्ता पूर्व से ही हृदय रोग से ग्रसित थे.घटना के वक्त हॉर्ट अटैक की वजह से उनकी मौत हो गयी है. ग्रामीणों द्वारा मृतक की पत्नी के संबंध में बतायी गयी अवैध संबंध की जानकारी को भी पुलिस ने गंभीरता से लिया है.इस मामले में अधिवक्ता की पत्नी ने चचेरा भाई राजीव यादव उर्फ बमबम यादव एवं इनकी मां को आरोपित बनाया है.अधिवक्ता जगदीप प्रसाद की मौत के बाद स्थानीय अधिवक्ताओं में शोक की लहर दौड़ गयी है.अधिवक्ताओं ने संयुक्त रूप से बताया कि
श्री प्रसाद स्वभाव के धनी थे.उनका व्यवहार हमेशा मधुर रहता था.उनका काम करने के तरीके से उनके साथी सदा प्रसन्न रहते थे.अधिवक्ताओं ने इस मामले की जांच सुक्ष्मता पूर्वक किये जाने की मांग पुलिस प्रशासन की है.हत्या के सभी कारणों की जांच कर इस मामले के सही गुनाहगारों को गिरफ्तार करने की बात अधिवक्ताओं द्वारा कही गयी है.
घटना के बाद पत्नी का रो-रो कर बुरा हाल
घटना के बाद मृतक की पत्नी का रो-रो कर बुरा हाल है.बार-बार पति के शव से लिपट कर वह बेहोश हो जा रही है.गांव की महिलाएं मौके पर महिला इस दुख की घड़ी में हिम्मत से सभी तरह की समस्याओं से निबटने की बात कह रही है.मृतक की पत्नी को अपने परिवार का चिंता सता रहा है.महिला का आरोप है कि उसके पति की हत्या एक सोची-समझी साजिश का परिणाम है.महिला बताती है कि उसके विरोधियों द्वारा आये दिन हमारे परिवार के साथ मारपीट की जाती थी.
बारीकी से होगी जांच
इस घटना में जितने भी मामले पुलिस के संज्ञान में आये हैं,सभी की जांच बारीकी से करायी जा रही है. इस संबंध में पुलिस द्वारा परिवार के कई सदस्यों से घटना के संबंध में पूरी जानकारी ली गयी है.
आरके झा, थानाध्यक्ष
