पहल. निकाय चुनाव में चिकित्सा व्यवस्था रहेगी मुकम्मल
अस्पताल के ओटी चिकित्सीय उपकरणों से होंगे लैस
बिहारशरीफ : जिले में होने वाले निकाय चुनावों के मद्देनजर जिला स्वास्थ्य विभाग ने चिकित्सा व्यवस्था को और भी सुदृढ़ करने में जुट गया है.चुनाव के दौरान किसी आकस्मिकता से निपटने की विभागीय तौर पर तैयारी शुरू कर दी गयी है.ताकि इस दरम्यान किसी को जरूरत पड़ने पर सजह रूप चिकित्सा सेवा प्रदान की जा सके,इसके लिए संबंधित निकाय क्षेत्रों में पड़ने वाले पीएचसी के प्रभारी चिकित्सा प्रभारियों को अस्पतालों की चिकित्सा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने का निर्देश दिया गया है.
21 को होगा चार निकायों का चुनाव
नालंदा जिले में बिहारशरीफ नगर निगम समेत चार निकायों का चुनाव 21 मई को होना है.जिसमें बिहारशरीफ नगर निगम के अलावा तीन नगर पंचायतें शामिल हैं. नगर पंचायतों में इस्लामपुर,सिलाव व राजगीर शामिल हैं. इन निकाय चुनावों के मद्देनजर संबंधित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों व अनुमंडलीय अस्पताल के क्रमश: प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारियों व उपाधीक्षकों को सिविल सर्जन डॉ सुबोध प्रसाद सिंह ने सख्त हिदायत दी है कि अपने-अपने स्वास्थ्य संस्थानों में चिकित्सा व्यवस्था को सुदृढ़ बनायें.
मेडिकल टीमों का गठन किया जाय. टीम में डॉक्टर से लेकर पारा मेडिकल स्टॉफों को शामिल करें. टीम में शामिल किये गये चिकित्सक से लेकर स्वास्थ्य कर्मियों की समय पर उपस्थिति सुनिश्चित करेंगे.निकाय चुनाव के मद्देनजर संबंधित पीएचसी क्षेत्रों के पीएचसी प्रभारियों को कहा गया है कि अविलंब मेडिकल टीमें गठित करें. गठित टीमों में विभिन्न चिकित्सीय सुविधाएं से लैस करें. आवश्यक जीवनरक्षक दवाइयों की उपलब्धता सुनिश्चित करेंगे. ताकि टीम चयनित स्थल पर पूरी मुस्तैदी के साथ निर्धारित तिथि को तैनात रहे.जरूरतमंद लोगों को डॉक्टर चिकित्सा कर उसे आवश्यक जीवनरक्षक दवाइयां भी उपलब्ध करा सकें.
प्रभारी व उपाधीक्षकों को निर्देश दिया गया है कि एंबुलेंस चिकित्सा दल को भी तैनात रखेंगे. संबंधित प्रभारियों व उपाधीक्षकों को यह भी निर्देश दिया गया है कि संबंधित निकाय क्षेत्र के प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) से संपर्क स्थापित करेंगे.संबंधित बीडीओ के निर्देशानुसार मेडिकल टीम को स्थलों पर तैनात करने का काम करेंगे.चुनाव के दिन सुबह साढ़े छह बजे तक मेडिकल टीम बीडीओ द्वारा चयनित स्थलों पर टीम की तैनाती सुनिश्चित करेंगे.
इसकी जिम्मेवारी संबंधित पीएचसी व अनुमंडलीय अस्पतालों के प्रभारियों व उपाधीक्षकों को दी गयी है.साथ उक्त अस्पतालों के प्रभारियों को कहा गया है कि अपने-अपने अस्पतालों के ओटी को भी 24 घंटे चिकित्सीय सुविधाओं व आवश्यक उपकरणों से लैस रखेंगे.ताकि आवश्यकता पड़ने पर संबंधित लोगों को इसकी सुविधा उपलब्ध करायी जा सके.दवा से लेकर डॉक्टर व स्वास्थ्य कर्मियों की तैनाती सुनिश्चित रखेंगे.इस कार्य में हरगिज लापरवाही नहीं बरती जाय.
क्या कहते हैं अधिकारी
नगर निगम व नगर पंचायतों के होने वाले चुनाव के मद्देनजर चिकित्सा व्यवस्था को सुदृढ़ करने को कहा गया है.मेडिकल टीमों को गठन कर चयनित स्थलों पर तैनात होंगे चिकित्सा दल.प्रभारियों को निर्देश दिया गया है कि संबंधित बीडीओ से संपर्क करके टीमों की तैनाती करेंगे.ताकि आवश्यकता पड़ने पर सहज रूप से संबंधित लोगों को चिकित्सा सेवा प्रदान की जा सके.मेडिकल टीमें आवश्यक जीवनरक्षक दवाइयों से लैस होंगी.
डॉ सुबोध प्रसाद सिंह,सिविल सर्जन,नालंदा
