राजगीर : नगर पंचायत कर्मचारी संघ के सफाई कर्मियों के चार सूत्री मांगों के आलोक मे पिछले दस दिनों से जारी अनिश्चित कालीन हड़ताल के समर्थन मे ग्यारहवें दिन सोमवार से संघ मे शामिल सभी कर्मचारियों ने नगर पंचायत कार्यालय से अपना कामकाज बंद कर बाहर आकर इस हडताल मे शामिल हो गए हैं और सोमवार को नगर पंचायत कार्यालय के प्रवेश द्वार पर रोषपूर्ण प्रदर्शन करते हुए नारे बाजी की. संघ के अध्यक्ष उमेश भगत ने बताया कि पिछली बार मांग के तहत की गई अनिश्चित कालीन हड़ताल के वक्त कार्यपालक पदाधिकारी द्वारा दो मांग के आलोक मे आदेश देकर शेष मांग को अप्रैल माह मे पूरा कर दिये जाने का आश्वासन दिया गया था.
जिसके पूरा किये जाने को लेकर कई बार की गई संघ के वार्ता को विफल करते हुए टरकाने की कोशिश की, जिससे आक्रोशित सफाईकर्मियो ने हड़ताल किया, मगर दस दिन गुजर जाने के बावजूद भी सुध न लिये जाने से अब असंतुष्ट संघ के सभी कर्मचारियों ने भी इस हड़ताल का समर्थन करते हुए हमारी आवाज को बुलंद किया है.
उन्होंने कहा कि इस दौरान कार्यपालक पदाधिकारी व नगर पंचायत के अन्य आलाधिकारियों ने आचार संहिता के आलोक मे गंभीरता बरतते हुए हड़ताल पर जा रहे कर्मचारियों से बात करनी उचित नहीं समझे, जिसके कारण नगर पंचायत संघ के सभी कर्मचारियों मे रोष व्याप्त हो गया है. उन्होंने जानकारी देते हुए कहा कि बीते तिथि के 15 मार्च को सशक्त स्थायी समिति द्वारा कर्मियों के वेतन मे बढ़ोतरी कर दी गयी थी, जिस पर अगले ही दिन 16 मार्च को बोर्ड की बैठक मे अनुशंसा भी कर दी गयी, जिसकी विधिवत सूचना मेल के माध्यम से नगर विकास आवास विभाग, जिलाधिकारी नालंदा व अनुमंडलाधिकारी राजगीर को भी दी गई थी.
