बिहारशरीफ : मंगलवार की देर संध्या शौच के जाने दौरान एक गर्भवती महिला के साथ दुष्कर्म करने का प्रयास किया गया. घटना का प्रबल विरोध करने पर आरोपित ने पीड़िता के शरीर के कई भाग में दांती कांट लिये. घटना नालंदा जिले के इस्लामपुर थाना क्षेत्र के सोनवां गांव में घटी. घटना के संबंध में बताया जाता है कि गांव की एक गर्भवती महिला अपनी गोतनी के साथ शौच के लिए गांव के खंधा की ओर जा रही थी. इसी बीच गांव का ही दशरथ पासवान नामक युवक गर्भवती महिला को बीच रास्ते में छेक कर दुष्कर्म करने का प्रयास करने लगा.
पीड़िता के साथ रही उसकी गोतनी जब घटना का विरोध करने लगी तो उसे मौके पर ही आरोपित द्वारा मारपीट कर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया. मौके से जान बचा कर भागी पीड़िता की गोतनी ने पूरे मामले की जानकारी गांव वालों को दी. घटना की जानकारी पाकर मौके पर सैकड़ों की संख्या में पहुंचे ग्रामीणों ने आरोपित को पकड़ कर जम कर धुनाई कर दी. पीड़िता ने बताया कि घटना के दौरान आरोपित द्वारा उसके गाल व शरीर के कई भाग में दांती कांटे गये.
घटना की जानकारी के बाद मौके पर पहुंचे इस्लामपुर थानाध्यक्ष सुधीर कुमार ने युवक को गिरफ्तार करते पूरे मामले की जानकारी महिला थाना पुलिस को दी.घटना की जानकारी के बाद महिला थाना पुलिस द्वारा आरोपित को गिरफ्तार करते हुए पीड़िता को मेडिकल जांच के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है. महिला थानाध्यक्ष पिंकी प्रसाद ने बताया कि इस संबंध में पीड़िता के बयान पर मामला दर्ज कर लिया गया है.मामले की जांच की जा रही है.
