सरमेरा (नालंदा) : प्रखंड क्षेत्र के चेरो गांव स्थित अन्नपूर्णा राइस मिल को प्रशिक्षु आइएएस सह सरमेरा बीडीओ सज्जन राज शेखर ने सील कर दिया है और वहां चौकीदार की तैनाती कर दी है.
शनिवार को बीडीओ किसी जांच के सिलसिले में चेरो गांव की ओर गुजर रहे थे, इसी दौरान अन्नपूर्णा राइस मिल के पास एक ट्रक से धान उतरते व लोड करते देखा. धान की अधिप्राप्ति बंद होने के बाद भी राइस मिल में धान उतरता देख प्रशिक्षु आइएएस सह बीडीओ का माथा ठनका और उन्होंने गाड़ी रुकवा कर राइस मिल में जा पहुंचे. उन्होंने राइस मील के कर्मियों से स्टॉक पंजी की मांग की. बीडीओ को देख कर ट्रक ड्राइवर व अन्य कर्मी फरार हो गये. काफी देर वहां रुकने के बाद भी कोई भी व्यक्ति वहां जानकारी देने के लिए नहीं पहुंचा. इसके बाद प्रशिक्षु आइएएस सज्जन राज शेखर ने राइस मिल को सील करते हुए वहां खड़े धान से लदे ट्रक को जब्त कर लिया.
इस संबंध में पूछे जाने पर प्रशिक्षु आइएएस सज्जन राज शेखर ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है. जांच पूरी होने तक राइस मील को सील कर दिया गया है. उन्होंने किसी से लिखित शिकायत मिलने की बात से इनकार किया. उन्होंने बताया कि पिछले कुछ दिनों से राइस मील में अनियमिता की शिकायत मिल रही थी. उन्होंने बताया कि जांच पूरी होने के बाद ही मामले का खुलासा होगा. फिलहाल राइस मिल की निगरानी पुलिस द्वारा की जा रही है.
