चार जिलों में सघन छापेमारी
चर्चित दुष्कर्म कांड के आरोपित विधायक की गिरफ्तारी घटना के करीब बाहर दिन बीत जाने के बावजूद संभव नहीं हो पायी है.मामले में अहम भूमिका निभाने वाली सुलेखा का अब तक अता-पता नहीं चल पाया है.बुधवार को मामले की जानकारी लेनी आयी राष्ट्रीय महिला आयोग ने सख्ती दिखाते हुए आरोपित विधायक की गिरफ्तारी से संबंधित निर्देश नालंदा पुलिस को दिया है. नालंदा पुलिस आरोपित की गिरफ्तारी पर पसीना तो बहा रही है,लेकिन नतीजा शून्य है.
जिला खुफिया इकाई भी जुटी है टोह में
तार्किक परिणति तक पूरे कांड का किया जायेगा उद्भेदन: पुलिस अधीक्षक
बिहारशरीफ : नाबालिग लड़की के साथ दुष्कर्म के आरोप में घिरे राजद के निलंबित विधायक राजबल्लभ यादव की गिरफ्तारी को लेकर नालंदा पुलिस की तीन टीमें तैयार है.टीम का नेतृत्व सदर एसडीपीओ सैफुर्र रहमान कर रहे हैं,जबकि पूरे कार्रवाई पर नालंदा के पुलिस अधीक्षक स्वयं पकड़ बनाये हुए हैं.एसपी ने दो स्पष्ट रूप से कहा है कि नालंदा पुलिस इस कांड को तार्किक परिणति तक ले जाकर पूरे मामले का उद्भेदन करेगी.
वारदात के आरोपित विधायक गिरफ्तारी हर हाल में होने की बात कहते हुए एसपी ने कहा कि पुलिस इस चर्चित प्रकरण में किसी राजनैतिक दबाव में काम नहीं कर रही है.घटनास्थल नवादा जिले में होने के बावजूद इसकी प्राथमिकी स्थानीय महिला थाने में दर्ज करायी गयी. एसपी ने बताया कि निकट भविष्य में आरोपित की गिरफ्तारी हो जायेगी. घटना से संबंधित साक्ष्य जुटाये जा रहे हैं. सजा दिलाने को लेकर नालंदा पुलिस अपना काम कर रही है.
यहां की गयी छापेमारी
विधायक की गिरफ्तारी को लेकर नालंदा के अलावे गया,नवादा व पटना में की जा रही है. हाइवे व दूसरे स्थान के सभी चेक प्वाइंट की जांच की जा रही है. उक्त स्थानों पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद फुटेज का भी अध्ययन किया जा रहा है.
जिला खुफिया इकाई भी जुटी है टोह में
जिला खुफिया इकाई (डीआइयू) की एक टीम आरोपित विधायक की टोह में जुटी है. महत्वपूर्ण सूचनाओं को एकत्रित किया जा रहा है. डीआइयू अपने स्तर से नालंदा के अलावे दूसरे जिलों से भी संपर्क स्थापित कर आरोपित से संबंधित जानकारियां लेने में जुटी है.इस मामले में कई तकनीकी उपकरणों का भी सहारा लिया जा रहा है.
