बिहारशरीफ / नवादा : नवादा के राजद विधायक राजबल्लभ यादव पर एक नाबालिग लड़की के साथ दुष्कर्म का आरोप लगा है. जांच के बाद साक्ष्य मिलने पर पुलिस ने विधायक की गिरफ्तारी का आदेश दे दिया . इसके बाद नालंदा पुलिस ने विधायक आवास को घेर कर तलाशी भी ली, लेकिन विधायक फरार हो गये. पुलिस की विभिन्न टीमें विधायक की तलाश में पटना सहित अन्य जगहों पर छापेमारी कर रही है. दुष्कर्म की घटना छह फरवरी को नवादा में हुई थी. आरोप के अनुसार एक महिला ने नाबालिग लड़की के पहले बर्थ डे के बहाने बुलाया व विधायक के हवाले कर दिया.विधायक ने लड़की के साथ पूरी रात रेप करता रहा. इसके बदले महिला को विधायक से 30 हजार रुपये भी मिले थे. यही नहीं रेप के समय महिला ने लड़की का एमएमएस भी बना लिया. इस मामले में आरोपी विधायक पर कार्रवाई करते हुये राजद के प्रदेश अध्यक्ष रामचंद्र पूर्वे ने विधायक राजबल्लभ को पार्टी से निलंबित कर दिया है.
लड़की ने फोटो देखकर पहचाना
लड़की नालंदा जिले के रहुई प्रखंड अंतर्गत इस्लामपुर की रहनेवाली है. लड़की ने 8 फरवरी को महिला थाना में केस दर्ज कराया था. लड़की ने पुलिस को बताया कि सुलेखा नामक महिला िवधायक को नेताजी कह कर भी संबोधित कर रही थी. नालंदा के पुलिस अधीक्षक ने बताया कि पीड़िता द्वारा विधायक के मकान की पहचान घटनास्थल के रूप में की गयी है. लड़की ने पूछताछ में खुलासा किया कि कमरे में ले जाकर महिला और विधायक ने पहले शराब पी थी. उसे भी शराब पिलाने का प्रयास किया गया था. इसके बाद टीवी पर पोर्न वीडियो चलायी गयी और विधायक ने उसकी नकल कर उसके साथ रेप करता रहा. महिला भी टीवी पर चल रहे पोर्न वीडियो की नकल करते हुए उसके साथ लगातार अश्लील हरकतें करती रही. लड़की ने विधायक को उम्र का हवाला दिया था पर विधायक पर इसका कोई असर नहीं हुआ.
लड़की को दी थी मारने की धमकी
लड़की के रोने पर विधायक और महिला ने उसे धमकी दी थी कि ज्यादा आंसू बहाओगी तो बॉडीगार्डों से रेप करा देंगे. लड़की कमरे से बाहर निकलने की कोशिश की तो बॉडीगार्डों ने पकड़कर फिर से कमरे में पहुंचा दिया. पुलिस को लड़की ने बताया था कि घर में रेप के दौरान एक शख्स मौजूद था. घर के बाहर लड़की ने जब भागने का प्रयास किया तो दरबानों ने उसे वहां से निकलने नहीं दिया था. महिला बदमाश को भी नेताजी कहकर संबोधित कर रही थी.
विधायक सीधे तौर पर दोषी पाये गये
नवादा के राजद विधायक राजबल्लभ यादव की गिरफ्तारी से संबंधित आदेश डीआइजी शालीन ने दिया है. डीआइजी ने बताया कि पिछले छह फरवरी को नवादा के राजद विधायक राजबल्लभ यादव ने नवादा स्थित आवास में एक लड़की के साथ दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया. दुष्कर्म की इस वारदात में विधायक सीधे तौर पर दोषी पाये गये हैं. उनके खिलाफ आइपीसी की धारा 376 के तहत महिला थाने में कांड दर्ज किया गया है. कांड में पोस्को से संबंधित धाराएं भी लगायी हैं. कांड दर्ज होने के तत्काल बाद नालंदा व नवादा के पुलिस अधीक्षक को विधायक की गिरफ्तारी अविलंब करने से संबंधित निर्देश दिये गये हैं.
1994 में भी विधायक पर लगा रेप का आरोप
पटना : राजबल्लभ यादव पर यह दूसरा मौका है, जब रेप का आरोप लगा है. 1994 में विधायक पर बोकारो की एक लड़की ने रेप का केस दर्ज करवाया था. यह लड़की मैट्रिक की परीक्षा देने नवादा आयी थी, जिस दौरान विधायक ने उसके साथ जबरदस्ती की थी. बाद में इस मामले में उन्हें जमानत मिल गयी और मामला रफा-दफा हो गया.इसी बात को लेकर उनका राजद में उनका टिकट तक कट गया था, लेकिन 1995 में वे निर्दलीय ही चुनाव जीत गये और इसके बाद राजद में शामिल हो गये. हालांकि विधायक ने चुनाव के दौरान जो हलफनामा दायर किया है, जिसमें उन पर दो मामले होने की बात का उल्लेख है. ये दोनों मामले नवादा जिले के दो अलग-अलग थानों में दर्ज हैं. इस बार यह दूसरा मौका है, जब एक नाबालिग लड़की ने विधायक रेप करने का आरोप लगाया है.
पार्टी ने किया निलंबित
पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष रामचंद्र पूर्वे ने विधायक राजबल्लभ यादव को पार्टी से निलंबित कर दिया है. पूर्वे ने मीडिया को बताया कि राजबल्लभ यादव को तत्काल पार्टी से निलंबित कर दिया गया है. विधायक अभी भी इस मामले में फरार चल रहे हैं.
