शिक्षकों के मनमाने तरीके से की गयी प्रतिनियुक्ति शीघ्र करें रद्द

बिहारशरीफ : डीइओ कार्यालय में पदस्थापित लिपिकों का कार्य आवंटन नये सिरे से किया जाये. सेवांत लाभ, पेंशन, प्रोमोशन एवं स्थापना संबंधी फाइलों के निष्पादन अच्छे और दक्ष लिपिकों से ही कराया जाये. ये निर्देश जिला पदाधिकारी डाॅ त्याग राजन एसएम ने मंगलवार को जिला शिक्षा पदाधिकारी के कार्यालय का औचक निरीक्षण करते हुए कहीं. […]

बिहारशरीफ : डीइओ कार्यालय में पदस्थापित लिपिकों का कार्य आवंटन नये सिरे से किया जाये. सेवांत लाभ, पेंशन, प्रोमोशन एवं स्थापना संबंधी फाइलों के निष्पादन अच्छे और दक्ष लिपिकों से ही कराया जाये. ये निर्देश जिला पदाधिकारी डाॅ त्याग राजन एसएम ने मंगलवार को जिला शिक्षा पदाधिकारी के कार्यालय का औचक निरीक्षण करते हुए कहीं.

उन्होंने कहा कि शिक्षा विभाग की कार्य प्रणाली में काफी सुधार की जरूरत है. कार्यालय में संचिकाओं एवं कागजात के रख-रखाव देख जिला पदाधिकारी काफी नाखुश दिखे. आगत पंजी, इंडेक्स रजिस्टर तथा लिपिकों के लॉग बुक आदि का रख-रखाव नहीं किया जा रहा था. शिक्षकों की प्रतिनियुक्ति मनमाने तरीके से किये जाने का मामला सामने आने पर डीएम ने डीपीओ स्थापना को निर्देश दिया कि शिक्षकों को जहां-जहां अनावश्यक प्रतिनियोजन है, उसे अविलंब रद्द करें. विद्यालयों में छात्रों के अनुपात में रेशनेलाइज कर शिक्षकों की व्यवस्था करने तथा आगे से जो प्रतिनियोजन हों, उसका अनुमोदन जिला पदाधिकारी से लेने का भी निर्देश दिया गया.
पुरानी प्रणाली को छोड़ नये तरीके अपनाएं : जिला पदाधिकारी ने डीपीओ स्थापना को निर्देश दिया कि पूर्व से चली आ रही गलत प्रणाली को जारी रखना ठीक नहीं है. इसमें सुधार के लिए पदाधिकारी के स्तर पर कोई प्रयास नहीं किये गये हैं. जिन लिपिकों के पास ज्यादा फाइलें व कार्य आवंटित हैं, उन्हें भी रेशनेलाइज करें. इससे कार्य में तेजी आयेगी. डीएम ने कहा कि बहुत काम होने का बहाना बना कर लोगों के मामले को लंबित रखना ठीक नहीं है.
शिक्षकों की समस्याएं हल हों : डीएम ने निर्देश दिया कि शिक्षकों के वाजिब कामों में विलंब नहीं होना चाहिए तथा जो भी शिक्षक स्कूल छोड़ कर बिना वजह के डीइओ कार्यालय में मंडराते दिखें. उनके विरुद्ध भी कार्रवाई की जाये.
विभाग के कर्मी कार्य प्रणाली में सुधार लाएं : डीएम ने विभाग के बड़ा बाबू अरुण कुमार को उनके कार्य प्रणाली में सुधार लाने का निर्देश दिया. लिपिक रवि पासवान, धर्मवीर प्रसाद, धर्मेंद्र कुमार के पास पड़े पेंडिंग मामलों को भी डीएम ने खंगाला. उन्होंने डीपीओ स्थापना को सारे सिस्टम को ठीक करने के लिए पांच दिन का समय दिया है.
गायब कर्मियों की वेतन निकासी पर रोक : जिला पदाधिकारी ने मैट्रिक एवं इंटर की परीक्षा का कदाचारमुक्त माहौल में संपन्न कराने के लिए डीइओ को निर्देश दिये. निरीक्षण क्रम में अनुपस्थित कर्मियों श्याम नंदन मिश्र, विमल राय, धर्मेंद्र कुमार, राकेश कुमार, सुरेंद्र सिंह और शिव कुमार सिंह से स्पष्टीकरण करते हुए इन लोगों के वेतन को स्थगित करने का आदेश दिया गया. औचक निरीक्षण के क्रम में डीइओ योगेशचंद्र सिंह, डीपीओ स्थापना के सुरेंद्र प्रसाद, डीपीओ एमडीएम सुरेंद्र कुमार, डीसीएलआर राकेश कुमार गुप्ता, वरीय उपसमाहर्ता बृजेश कुमार, संजय कुमार, डीपीआरओ आदि मौजूद थे.
डीइओ कार्यालय के निरीक्षण के क्रम में कार्य में लापरवाही, उदासीनता एवं अनावश्यक विलंब करने के आरोप में लिपिक देवेंद्र कुमार को निलंबित करने का आदेश डीएम ने दिया है. डीइओ कार्यालय की लुंज-पुंज व्यवस्था, सुधार के प्रति उदासीन रहने और कार्यालय पर नियंत्रण नहीं होने के कारण जिला शिक्षा पदाधिकारी एवं डीपीओ स्थापना से जवाब- तलब भी किया गया है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >