बिहारशरीफ : मुख्यालयों में नहीं रहने वाले चिकित्सा पदाधिकारियों एवं प्रभारियों के वेतन भुगतान पर रोक लगा दी जायेगी. जिले के सरकारी अस्पतालों में पदस्थापित डॉक्टर यदि अनुपस्थित पाये जाते हैं, तो उनपर ठोस कार्रवाई की जायेगी. यह हिदायत सिविल सर्जन डाॅ सुबोध प्रसाद सिंह ने शुक्रवार को प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक में दी. सिविल सर्जन ने कहा कि प्रभारी डॉक्टरों की उपस्थिति हरहाल में सुनिश्चित करें. टीबी बीमारी से पीडि़त मरीजों को बेहतर इलाज के लिए बलगम जांच में प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी तेजी लायें.
साथ ही एसपीथिसिया से पीडि़त बच्चों का प्रतिवदेन समय पर उपलब्ध करायें. सिविल सर्जन डा. सुबोध प्रसाद सिंह ने कार्यों के समीक्षा के दौरान पाया की उक्त प्रतिवेदन प्राप्त नहीं हो रहा है. इसलिए इसका प्रतिवेदन उपलब्ध करायें. ताकि पीडि़त बच्चों का बेहतर इलाज की दिशा में कदम उठाया जा सके. इससे मातृ शिशु मृत्यु दर में कमी लायी जा सकती है.
उन्होंने चेतावनी दी कि जिस अस्पताल की ओपीडी में बलगम जांच की उपलब्धि कम पायी जायेगी तो संबंधित चिकित्सा पदाधिकारी पर ही कार्रवाई की जायेगी. नोडल मेडिकल अफसर पोलियो अभियान को सफल बनाने में अहम जिम्मेवारी निभायें. किसी प्रकार की दिक्तत होती है तो संबंधित प्रभारी को सूचित करें. प्रभारी नोडल अफसर को मदद करेंगे.
