वीरायतन में सात दिवसीय मेगा नेत्र शिविर का हुआ समापन, 5689 मरीजों के नेत्रों की हुई जांच
राजगीर : आपके आंखों को नयी रोशनी मिली है. यहां से वापस अपने घर जाकर अपनी प्राप्त रोशनी से अपने घर को स्वच्छ तथा गांवों को मंदिर बनायें. उक्त बातें शनिवार को बिहार सरकार के ग्रामीण विकास एवं संसदीय कार्य मंत्री श्रवण कुमार ने नेत्र ज्योति सेवा मंदिरम में आचार्य श्री चंदना जी के 80 वें जन्म दिवस पर आयोजित सात दिवसीय मेगा नेत्र शिविर के समापन के अवसर पर कही.
उन्होंने बिहार सरकार तथा बिहार की 11 करोड़ जनता की ओर से पूज्य आचार्य श्री चंदना जी को जन्मदिन की बधाई दी तथा उनके दीर्घायु होने की कामना कि. उन्होंने कहा कि जिस सेवा भाव से श्री जी दीन-दुखियों की सेवा में जुटी है वह प्रशंसनीय है. इस मौके पर आचार्य श्री चंदना जी ने नेत्र शिविर में पहुंचे मरीजों को संबोधित करते हुए कहा कि कहा कि हम सभी को अपने वाचन पर संयम रखने की जरूरत है. आज के इस बदलते परिवेश में संयम की कमी के कारण ही इतने विवाद देखने को मिल रहे हैं. वर्तमान युग युवाओं का है. हम बुजुर्गों सभी के साथ तालमेल बना कर रखना चाहिए.
इस मौके पर आचार्य श्री जी ने सभी को अगले वर्ष गुजरात के कच्छ में वीरायतन इंस्टीच्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी के उद्घाटन के अवसर पर आमंत्रित किया. आचार्य श्री चंदना जी ने मेगा नेत्र शिविर में कार्यरत सभी चिकित्सकों, तकनीशियनों एवं सेवा कर्मियों को इसके सफलतापूर्वक आयोजन पर आशीर्वाद एवं बधाई दी. इस मौके पर वीरायतन प्रबंधक अंजनी कुमार ने मेगा नेत्र शिविर के सफल संचालन के लिए सभी सहयोगियों को उनके सहयोग के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया.
इस अवसर पर मंत्री श्रवण कुमार ने मरीजों को कंबल, साड़ी, लुंगी, खाने के बरतन का सेट आदि देकर विदा किया. प्रबंधक अंजनी कुमार ने बताया कि इस मेगा नेत्र शिविर के दौरान कुल 5689 मरीजों के नेत्रों की जांच की गयी एवं 1169 मोतियाबिंद के रोगियों का नि:शुल्क ऑपरेशन किया गया. साथ ही करीब 1500 मरीजों को नि:शुल्क ऑपरेशन के लिए आगे के महीनों का समय दिया गया है. इस अवसर पर युवाचार्य शुभम जी,वीरायतन की मुख्य संरक्षिका साध्वी संप्रज्ञा जी,साध्वी साधना जी,साध्वी रोहिणी जी,डॉ वरूण कुमार,डॉ सुमन कुमार,डॉ राजवर्धन एवं अन्य देशी-विदेशी अतिथिगण मौजूद थे.
