बिहारशरीफ/सिलाव : बाइक सवार दो अपराधियों ने मंगलवार को सिलाव थाने से महज सौ गज की दूरी पर एक ईंट-भट्ठा मालिक से दिनदहाड़े 59 हजार रुपये लूट लिये. घटना के बाद वहां मौजूद रहे जिला पर्षद सदस्य सुधीर कुमार ने अपनी निजी गाड़ी से अपराधियों को खदेड़ा, लेकिन तब तक अपराधी रुपयों से भरे बैग को लेकर बिहारशरीफ की ओर बाइक सहित फरार हो गये. रुपयों से भरे बैग में पांच लाख का चेक, तीन पासबुक सहित अन्य आवश्यक कागजात थे.
बताया जाता है कि सिलाव थाने के नरहर गांव निवासी व पेशे से ईंट-भट्ठा संचालक अरुण प्रसाद सिंह सिलाव बाजार स्थित एक बैंक से रुपये निकालने आये थे, जहां वह अपने एक परिचित से बात कर रहे थे, इसी दौरान बाइक सवार दो बदमाश पीछे से आये और उनके हाथ में रखे बैग को छीन कर फरार हो गये.
घटना की जानकारी के बाद मौके पर पहुंची संबंधित थाना पुलिस घटना की जानकारी पीड़ित से ली. पुलिस ने बताया कि इस संबंध में अज्ञात अपराधियों के खिलाफ कांड दर्ज कर लिया गया है.अपराधियों की गिरफ्तारी को लेकर एक पुलिस टीम का गठन किया गया है. घटना की जानकारी के बाद राजगीर के एसडीपीओ संजय कुमार भी घटनास्थल पर पहुंच कर घटना से संबंधित विशेष जानकारी ली.
दिनदहाड़े घटी इस लूट की घटना के बाद वहां के व्यवसायियों में हड़कंप बना हुआ है.यहां बात दे कि नालंदा के पुलिस अधीक्षक द्वारा पूर्व में ही जिले के सभी थाना पुलिस को प्रतिदिन बारह से दो बजे दिन तक वाहन चेकिंग करने से संबंधित निर्देश जारी किया था.
दो दिन पूर्व भी नालंदा थाना क्षेत्र के पावर ग्रिड कैंपस के एक सरकारी क्वार्टर में धावा बोल कर अपराधियों ने दो इंजीनियरों को बंधक बना कर 25 हजार रुपये नकद सहित लाखों की संपत्ति लूट ली थी.
