प्रसूता से नाजायज राशि मांगने का आरोप, सिविल सर्जन ने की कार्रवाई
बिहारशरीफ : अस्पताल में इलाज कराने और प्रसव के लिए आने वाले मरीजों से नाजायज वसूली करने वालों के लिए अच्छी खबर नहीं है. ऐसे लोग पूरी तरह से होशियार हो जायें. वरना शिकायत मिलने पर कार्रवाई की जद में निश्चित तौर पर आ जायेंगे. ऐसे लोगों को चिह्नित कर सिविल सर्जन ने कार्रवाई शुरू कर दी है.
सिविल सर्जन ने शिकायत के आलोक में जांच रिपोर्ट के आधार पर हरनौत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में पदस्थापित एक एएनएम को तत्काल प्रभार से निलंबित कर दिया है. सिविल सर्जन डाॅ सुबोध प्रसाद सिंह ने बताया कि हरनौत अस्पताल में पदस्थापित एएनएम रीता कुमारी सिन्हा ने पिछले दिनों एक प्रसूता से नाजायज राशि की मांग की थी. प्रसूता ने इसकी शिकायत हरनौत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डाॅ अरबिंद सिंह से की थी.
प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी ने इस मामले को गंभीरता से लिया. उन्होंने प्रसूता महिला की शिकायत की जांच गहन तरीके से की. जांच में एएनएम रीता कुमारी सिन्हा पर लगाये आरोप को सत्य पाया. प्रभारी डाॅ सिंह ने अपनी जांच रिपोर्ट सिविल सर्जन डाॅ सुबोध प्रसाद सिंह को उपलब्ध करायी. सिविल सर्जन डाॅ सिंह ने बताया कि हरनौत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डाॅ अरबिंद सिंह की जांच रिपोर्ट के आधार पर एएनएम रीता कुमारी सिन्हा को निलंबित कर दिया गया.
उन्होंने कहा कि मरीजों से नाजायज राशि मांगना एक बहुत बड़ा अपराध है. इसे किसी भी सूरत में बरदाश्त नहीं किया जायेगा. निलंबित एएनएम श्रीमती सिन्हा को निलंबन अवधि में नूरसराय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मुख्यालय होगा. निलंबन की कार्रवाई से एएनएम को सूचित कर दिया गया है.
साथ ही, इसकी सूचना हरनौत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी को भी दे दी गयी है.
