हरनौत : एनएच 31 पर वेना के पास गिरफ्तार अपराधी को लेकर आ रहे टेंपो में एक सवारी गाड़ी ने सोमवार की संध्या में टक्कर मार दी. इस घटना में कैदी रंधीर कुमार, दारोगा भोला प्रसाद व सिपाही सुनील कुमार गंभीर रूप से जख्मी हो गये. सभी घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया है. बताया जाता है कि हरनौत थाने के पुलिस ने मोबाइल चोरी के आरोप में रविवार को आरोपित रंधीर कुमार को गिरफ्तार किया था.
गिरफ्तार रंधीर कुमार को पुलिस टेंपो से लेकर बिहारशरीफ जा रही थी. जैसे ही टेंपो वेना के पास पहुंचा तभी विपरीत दिशा से आ रही सवारी गाड़ी (फोर्स) ने टेंपो में टक्कर मार दी. इस दुर्घटना में कैदी रंधीर कुमार का सिर फट गया. कैदी के साथ रहे दारोगा भोला प्रसाद के पैर, हाथ व सिर में चोट लगी है. जबकि सिपाही सुनील कुमार का पैर टूट गया है. हरनौत के प्रभारी थानाध्यक्ष रामनंदन प्रसाद ने बताया कि घटना के बाद टक्कर मारने वाला वाहन चालक वाहन के साथ फरार हो गया है. सभी घायलों का इलाज कराने के लिए सदर अस्पताल बिहारशरीफ ले गया है. सदर अस्पताल में सभी का इलाज किया जा रहा है.
