बिहारशरीफ : स्थानीय व्यवहार न्यायालय में शनिवार को अभूतपूर्व व्यवस्था के बीच राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जा रहा है. जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सौजन्य से राष्ट्रीय लोक अदालत की सफलता के लिए आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गयी है. प्राधिकार के अध्यक्ष सह जिला जज जितेंद्र कुमार स्वयं तैयारियों पर पैनी नजर रखते हुए पक्षकारों को किसी तरह का समस्या का सामना नहीं करना पड़े इस पर खास ध्यान दे रहे हैं.
जिला जज की देखरेख में बेंच के सभी पदाधिकारी व न्यायालय कर्मी शुक्रवार को सारी व्यवस्था को अंतिम रूप देने में जुटे देखे गये. मामलों की सुनवाई के लिए गठित तीन सदस्यीय 15 बेंच के लिए निर्धारित स्थलों पर काउंसेलरों के भी बेठने की व्यवस्था की गयी है, ताकि पक्षकारों को सुलह कराने में उनकी मदद लिया जा सके. इस कार्यक्रम के मद्देनजर पूरे व्यवहार न्यायालय परिसर की साफ-सफाई व इस मौके पर भारी संख्या में आने वाले पक्षकारों के लिए आवश्यक सुविधा उपलब्ध कराने की व्यवस्था पूरी कर ली गयी है.
राष्ट्रीय लोक अदालत के लिए प्रचार-प्रसार में वकीलों के विरुद्ध टिप्पणी को लेकर शुक्रवार को स्थानीय वकीलों में काफी रोष देखा गया. इस मुद्दे को लेकर जिला अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष प्रभात कुमार रूखैयार की अध्यक्षता में संघ के सभागार में अधिवक्ताओं की आपात बैठक हुई. बैठक में सर्वसम्मति से राष्ट्रीय लोक अदालत के बहिष्कार का निर्णय लिया गया. निर्णय की सूचना जिला जज श्री कुमार को जैसे ही प्राप्त हुई वह अन्य न्यायिक अधिकारियों के साथ संघ भवन में पहुंच गये़
तथा प्रचार में आपत्तिजनक टिप्पणी पर खेद व्यक्त किया तथा संघ के सदस्यों को अपना एक महत्वपूर्ण अंग बताते हुए गिला शिकवा भूल कर राष्ट्रीय लोक अदालत के आयोजन में सहयोग करने का आग्रह किया.
जिला जज की पहल पर जिला अधिवक्ता संघ के सदस्यों ने बहिष्कार के निर्णय को वापस ले लिया. संघ के अध्यक्ष श्री रूखप्तयार ने बहिष्कार वापसी की घोषणा की तब जाकर राष्ट्रीय लोक अदालत की सफलता पर लगा ग्रहण हटा तथा सभी संबंधित लोगों ने राहत की सांस ली.
