बिहारशरीफ : स्थानीय समाहरणालय में पदस्थापित वरीय उपसमाहर्ताओं के बीच नये सिरे से कार्यों का बंटवारा किया गया. इसी के साथ कई पदाधिकारियों को पूर्व से आवंटित शाखाओं के प्रभार में फेरबदल किया गया. डीएम डॉ त्याग राजन एसएम ने कार्य संस्कृति में सुधार के लिए नये सिरे से अधिकारियों को कार्य आवंटित करने का आदेश जारी किया है.
नये संशोधित आदेश के अनुसार जिला पंचायती राज पदाधिकारी राम निरंजन सिंह को जिला पंचायत के अलावा जिला स्थापना शाखा का भी प्रभार दिया गया है. इनकी अनुपस्थिति में वरीय उपसमाहर्ता अभय कुमार सिंह उनका कार्यभार संभालेंगे. वहीं, वरीय उपसमाहर्ता अभय कुमार सिंह जिला गोपनीय, जिला विधि, जिला शस्त्र, उत्तरदायित्व एवं इ-गवर्नेंस कोषांग के प्रभार में रहेंगे.
इनकी गैर मौजूदगी में जिला पंचायती राज पदाधिकारी श्री सिंह इनके कोषांगों का कार्य देखेंगे. वरीय उपसमाहर्ता प्रमोद कुमार को जिला राजस्व, बाल श्रमिक परियोजना एवं जिला अभिलेखागार का तथा वरीय उपसमाहर्ता बृजेश कुमार को जिला जन शिकायत, लोक सूचना, जीविका, बैंकिंग, स्वास्थ्य एवं शिक्षा विभाग से संबंधित कार्यों का प्रभार सौंपा गया है.
उक्त दोनों में से एक के अनुपस्थित रहने पर दूसरा अधिकारी प्रभार में रहेंगे. वरीय उपसमाहर्ता सुरेंद्र कुमार को जिला नजारत एवं जिला उर्दू एवं हज कोषांग का प्रभार सौंपा गया है. इनकी अनुपस्थिति में वरीय उपसमाहर्ता संजय कुमार उनके कार्यों का दायित्व संभालेंगे.
वरीय उपसमाहर्ता रवींद्र राम को जिला विकास, जिला ग्रामीण विकास अभिकरण, सामाजिक-आर्थिक जनगणना, मासिक समन्वय बैठक, राष्ट्रीय स्वास्थ्य बीमा योजना, निजी शताब्दी नलकूप योजना, बीस सूत्री कार्यक्रम, प्रमंडलीय बैठक, कब्रिस्तान घेराबंदी, अनुश्रवण कोषांग एवं नवीन ऊर्जा से संबंधित कार्यों के प्रभार में रहेंगे. इनकी गैर मौजूदगी में वरीय उपसमाहर्ता सुरेंद्र कुमार उनके कार्यों का निष्पादन करेंगे.
इसी प्रकार वरीय उपसमाहर्ता रामबाबू को जिला सामान्य, सामाजिक सुरक्षा कोषांग का वरीय प्रभार, जनगणना कोषांग, लोकसभा व विधान मंडल प्रश्न कोषांग, जिला लेखा, जिला नीलाम पत्र एवं डिप्टी कलेक्टर रिफंड का प्रभार सौंपा गया है.
इनकी अनुपस्थिति में वरीय उपसमाहर्ता प्रमोद कुमार उनके कार्यों का निष्पादन करेंगे. वहीं, वरीय उपसमाहर्ता संजय कुमार को जिला आपदा कोषांग, विद्युत विभाग के नोडल पदाधिकारी, महादलित कोषांग एवं कृषि टास्क फोर्स का प्रभार दिया गया है.
