बिहारशरीफ : कोलकाता से पटना जा रही एक यात्री बस के चालक से अपराधियों ने चालीस हजार रुपये लूट लिये.घटना का प्रबल विरोध कर रहे चालक को मारपीट कर अधमरा कर दिया. यह घटना शहर के देवी सराय मोड़ के पास गुरुवार की सुबह घटी.
गंभीर रूप से घायल चालक को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भरती कराया गया है.चालक के सिर पर गंभीर चोटें आयीं हैं. घटना का कारण रंगदारी से जुड़ा बताया जाता है.
विस्तृत जानकारी देते हुए बस का चालक व पावापुरी ओपी क्षेत्र के इसुआ गांव निवासी मो करीमउद्दीन खां के पुत्र मो अल्लाउद्दीन खां ने बताया कि वह यात्री के साथ कोलकाता से पटना बस को ड्राइव करते जा रहा था,जैसे ही वह बस के साथ देवी सराय मोड़ के पास पहुंचा कि पूर्व से घात लगाये हथियारबंद अपराधियों ने बस को छेक कर हमें ड्राइविंग सीट से खींच सड़क पर गिरा दिया.
सभी अपराधी पिस्तौल,हॉकी व लोहे के रड से लैस थे.रंगदारी नहीं दिये जाने की बात कहते हुए सभी हम पर टूट पड़े.मौके पर ही हमे जम कर पीटा गया.जेब में रखे टिकट मद से आये चालीस हजार रुपये लूट लिये.
चालक ने बताया कि 31 मार्च को पटना से कोलकाता जाने के क्रम में अपराधियों ने यह धमकी दी थी कि बस चलने के एवज में एक मुश्त पहले दो लाख रुपये रंगदारी के तौर पर देने होंगे,इसके बाद प्रत्येक महिना पचास हजार रुपये अलग से देने होंगे,अगर मांगी गयी रकम नहीं दिया तो बस नहीं चलने देंगे.
चालक का कहना है कि उसके द्वारा उक्त बातों की जानकारी बस मालिक को दी गयी थी,मालिक ने कहा था कि कोलकाता से लौटने के वक्त रंगदारी के संबंध में प्राथमिकी दर्ज करा देना. घटना के संबंध में पूछे जाने पर लहेरी इंस्पेक्टर ओम प्रकाश सिंह ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि चालक द्वारा इस संबंध में तीन लोगों को नामजद आरोपित किया गया है. इस घटना में कुछ अज्ञात भी शामिल हैं. इंस्पेक्टर ने बताया कि घटना में लूटपाट की घटना घटी है या नहीं इसकी जांच की जा रही है.
