बिहारशरीफ : भगवान महावीर के जन्मोत्सव समारोह के लिए कुंडलपुर में आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गयी है. 02 अप्रैल को राजकीय समारोह के रूप में मनाये जाने वाला कुंडलपुर महोत्सव के अवसर पर आयोजित आकर्षक सांस्कृतिक संध्या कार्यक्रम की शुरुआत सूबे के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार करेंगे.
मुख्यमंत्री व उनके साथ कई मंत्रियों, सांसदों एवं विधायकों के इस समारोह में भाग लेने के कार्यक्रम के मद्देनजर जिला प्रशासन द्वारा मुख्य समारोह स्थल के साथ उनके संभावित सभी कार्यक्रम स्थलों एवं कारकेड के गुजरने वाले रूटों पर अभेद्य सुरक्षा की व्यवस्था की गयी है. मुख्यमंत्री के हवाई मार्ग से आने की संभावना को देखते हुए राजगीर के किला मैदान एवं कुंडलपुर स्थित नालंदा सिम्बयोटिक सेंटर में हेलीपैड का निर्माण कराया गया हे. रूट लाइनिंग एवं एरिया डोमिनेशन के लिए पूर्वाह्न् 9 बजे से ही किला मैदान से कुंडलपुर तक के रास्ते में 110 स्थानों पर स्टैटिक दंडाधिकारी के नेतृत्व में पर्याप्त संख्या में सशस्त्र बलों की प्रतिनियुक्ति एवं नियमित गश्ती की व्यवस्था की गयी है.
जिले की सीमा हरनौत थाना क्षेत्र के धोवा पुल से लेकर कुंडलपुर तक 36 संवेदनशील स्थानों पर दंडाधिकारी व पुलिस कर्मियों की प्रतिनियुक्ति की गयी है. मुख्यमंत्री के मार्ग में स्थित पुल व पुलियों का उनके कारगेड के आने के दो घंटा पूर्व से गहन जांच एवं गुजरने वाले वाहनोकं की चेकिंग का निर्देश दिया गया है. रूट लाइनिंग चेकिंग के लिए 7 गश्ती दलों का गठन किया गया है. मुख्य समारोह स्थल को सुरक्षा के लिहाज से 18 प्वांट्स निर्धारित कर प्रत्येक प्वाइंट पर दो-दो दंडाधिकारियों की तैनाती की गयी है. वहीं नंद्यावर्त महल,कुंडलपुर सांस्कृतिक ग्राम व मंदिर में भी सुरक्षा की पुख्ता व्यवस्था की गयी है.
पहाड़ों पर भी रहेगी पैनी नजर:
मुख्यमंत्री द्वारा अंतरराष्ट्रीय कन्वेंशन हॉल में डेयरी विकास से संबंधित कार्यशाला के उद्घाटन व राजगीर स्थित परिसदन में उनके विज्ञान के कार्यक्रम के मद्देनजर आसपास के इलाकों के साथ ही पहाड़ों पर भी सुरक्षा की अचूक व्यवस्था की गयी है. एरिया डोमिनेशन के उद्देश्य से परिसदन के पास स्थित दोनों टिल्ले व ब्रrाकुंड से सटे पांच नंबर पहाड़ के चबूतरा पर बुलेटप्रूफ जैकेट पहले पर्याप्त संख्या में सशस्त्र बलों को तैनात किया जायेगा.
इन जवानों के पास अत्याधुनिक हथियार के साथ ड्रैगन लाइट व एनबीडी भी मौजूद रहेंगे. उग्रवादी या अतिवादियों के किसी भी हरकत से निबटने के लिए प्रशासन व पुलिस पूरी तरह चौकस रहेगा तथा प्रतिनियुक्त अधिकारियों को अलर्ट रहने की हिदायत दी गयी है.
महोत्सव में लगेगा दिग्गजों का जमावड़ा :
कुंडलपुर महोत्सव के दौरान आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम के उद्घाटन के मौके पर बिहार सरकार के कई मंत्रियों के अलावा मंत्रीमंडल के सदस्यों में से भवन निर्माण मंत्री दामोदर राउत,ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार,पर्यटन मंत्री जावेद इकबाल अंसारी,विधानसभा अध्यक्ष उदय नारायण चौधरी भी समारोह में शिरकत करेंगे. इसके अलावा स्थानीय सांसद कौशलेंद्र कुमार,राज्यसभा सदस्य रामचंद्र प्रसाद सिंह सहित जिला से जुड़े सभी विधायक,विधान पार्षद,जिप अध्यक्षा,बिहारशरीफ नगर निगम के महापौर सहित अन्य कई राजनेता मौजूद रह कर कार्यक्रम की शोभा में चार चांद लगायेंगे.
