बिहारशरीफ : बिहारशरीफ जिला के सोहसराय थाना क्षेत्र अंतर्गत बसार बिगहा गांव में एक लड़की के साथ छेड़खानी को लेकर एक ही पक्ष के दो गुटों के बदमाश आपस में भिड़ गये. प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि बसार बिगहा में मजार पर हर साल की भांति इस साल भी मेला लगा था. इसी मेले में एक लड़की घूमने आयी थी. इस दौरान पास के ही एक मोहल्ले के पांच से छह बदमाश भी मेला देखने पहुंचे थे. सभी बदमाश मेले में एक लड़की को अकेली पाकर उसके साथ छेड़छाड़ करने लगे.
लड़की के साथ कुछ बदमाशों द्वारा छेड़छाड़ करते देख दूसरे गुट के बदमाश आक्रोशित हो गये. उसके बाद दोनों गुट आपस में भिड़ गये और मारपीट करने लगे. वहीं, जाते समय बदमाशों ने दूसरे गुट के ऊपर रोड़ेबाजी कर दी. इधर, घटना की सूचना पाकर दलबल के साथ सोहसराय थानाध्यक्ष नंद किशोर प्रसाद बसार बिगहा पहुंचे. लेकिन, तब तक सभी बदमाश फरार हो गये. उन्होंने बताया कि बदमाशों की पहचान के लिए आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है. पहचान होते ही ऐसे बदमाशों के विरुद्ध कार्रवाई की जायेगी.
