राजगीर : पूरे विश्व को शांति का संदेश देने वाला रत्नागिरी पर्वत पर स्थित विश्व शांति स्तूप का 48 वां वार्षिकोत्सव समारोह 25 अक्तूबर को मनाया जायेगा. समारोह कि तैयारी जोर शोर से शुरू कर दी गयी है. इस समारोह के मुख्य अतिथि बिहार के नये राज्यपाल सत्यपाल मलिक व पर्यटक मंत्री प्रमोद कुमार होंगे. वहीं समारोह में भारतीय बुद्धिष्ट मूवमेंट व सीजीसी ग्रुप ऑफ जापान सहित हजारों की संख्या में देशी व विदेशी बौद्ध भिक्षु भाग लेंगे. बताया जाता है कि विश्व शांति स्तूप की आधारशिला तत्कालीन राष्ट्रपति डॉ सर्वपल्ली राधाकृष्णन के द्वारा छह मार्च 1965 को रखा गया था.
इसके बाद 25 अक्तूबर 1969 को तत्कालीन राष्ट्रपति बीबी गिरी ने इसका उद्घाटन किया था. विश्व शांति स्तूप के 48 वें वर्षगांठ को लेकर शांति स्तूप सहित उसके भीतर व बाहरी क्षेत्र का रंगरोगन कर अच्छी तरह से सजाया जा रहा है. इस बार वर्षगांठ को अनोखा व अद्भूत बनाने में स्तूप प्रबंधन जी जान से जुट गये हैं. विश्व शांति स्तूप के प्रबंधक व पुजारी जापानी बाबा के नाम से प्रसिद्ध टीओकोनेगी ने बताया कि प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी विश्व शांति स्तूप के वर्षगांठ पूरे हर्षोंलास से मनाने की पूरी तैयारी की जा रही है.
