राजगीर. पांच व सात अक्तूबर को राजगीर में आयोजित होने वाले लोजपा के राष्ट्रीय सम्मेलन एवं राष्ट्रीय प्रशिक्षण शिविर की तैयारी जोर शोर से शुरू कर दिया गया है. अंतरराष्ट्रीय कन्वेंशन सेंटर में इसके लिए दो भव्य पंडाल बनाये जा रहे हैं. रविवार को लोजपा के जिलाध्यक्ष राजू पासवान, प्रवक्ता रामकिशोर प्रसाद पप्पू, जिला उपाध्यक्ष राजमनी पासवान, जिला महासचिव रामरत्न पासवान, मजदूर सेल के जिलाध्यक्ष रविन्द्र कुमार शास्त्री, इंटरनेशनल कन्वेंशन सेंटर पहुंच कर कार्य का जायजा लिया तथा तैयारी से संबंधित कई सुझाव दिये. इस अवसर पर जिलाध्यक्ष राजू पासवान, प्रवक्ता रामकिशोर प्रसाद पप्पू ने कहा कि दो दिवसीय इस राष्ट्रीय सम्मेलन में पूरे देश से कार्यकर्ता भाग लेंगे. पहले दिन दो हजार कार्यकर्ता तथा दूसरे दिन दस हजार कार्यकर्ता सम्मेलन में भाग लेंगे.
इसको लेकर फतुहा से राजगीर के बीच सैकड़ों द्वार, पांच सौ होर्डिंग व फ्लैक्सीबोर्ड लगायेजा रहे हैं. उन्होंने कहा कि सम्मेलन का उद्घाटन राष्ट्रीय अध्यक्ष सह सांसद रामविलास पासवान करेंगे. वहीं मुख्य अतिथि लोजपा संसदीय बोर्ड के चेयरमैन सह सांसद चिराग पासवान होंगे.
जबकि अध्यक्षता पशुपालन मंत्री सह प्रदेश अध्यक्ष पशुपति नाथ पारस करेंगे. उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं के ठहरने के लिए राजगीर के विभिन्न होटलों व धर्मशालाओं में चार सौ कमरे बुक किये गये हैं. वहीं दूसरे राज्य के कार्यकर्ताओं के लिए यहां के पर्यटन स्थलों के भ्रमण के लिए टांगा व सवारी गाड़ी की व्यवस्था की गयी है. भोजन व्यवस्था में साउथ इंडियन से आने वाले कार्यकर्ताओं के लिए साउथ डिस की व्यवस्था किया गया है.
