पहल. नगर निगम का दशहरा पर साफ-सफाई का पॉजिटिव प्लान
बिहारशरीफ : त्योहार को देखते हुए शहर में सफाई अभियान भी तेज हो जाता है. सड़क, नाले, गली, मुहल्ले में इसकी झलक दिखने लगती है. इसी क्रम में दुर्गापूजा के अवसर पर शहरी क्षेत्र को चकाचक रखने के लिए नगर निगम ने विशेष व्यवस्था की है. इसके लिए निगम ने अभी से अपना कार्य शुरू कर दिया है. हर पूजा पंडाल और उसके आसपास की जगहों की साफ-सफाई की निगरानी पर्याप्त व्यवस्था की जायेगी. जबकि प्रति वार्ड में निगम का एक सुपरवाइजर होगा, जिनका काम पंडालों या पूजा समितियों के साथ समन्वय बनाकर शहर को स्वच्छ रखना होगा. साफ-सफाई पर विशेष निगरानी को लेकर सीटी मैनेजर को बड़ी जिम्मेदारी सौंपी गयी है.
इनका काम साफ-सफाई पर नजर रखना होगा. पूजा के दौरान पंडाल और आसपास के इलाकों को स्वच्छ करने के लिए स्पेशल टास्क फोर्स बनाया गया है, जिसके तहत सफाईकर्मी रात तीन बजे से सुबह आठ बजे तक सफाई करेंगे. इसके अलावा वार्ड पार्षद को भी स्वच्छता को लेकर अपने इलाकों में साफ-सफाई के लिए ध्यान रखने को कहा गया है.
क्योंकि इस दौरान नगर निगम 24 घंटे जागा रहेगा. निगम इसके लिए कॉल सेंटर सुविधा देगा, जहां 24 घंटे की सेवा प्रदान की जायेगी. यहां पूजा के दौरान सफाई को लेकर किसी भी समय कॉल किया जा सकता है.
शहर में रहेगी रोशनी की बेहतर व्यवस्था
दशहरा पूजा से पूर्व नगर निगम द्वारा शहर के सभी क्षेत्रों के खराब पड़े बल्ब को बदलने का काम तेजी से किया जा रहा है. शहर के सभी वार्ड पार्षदों को अपने-अपने मोहल्लों के खराब पड़े बल्ब के संबंध में निगम को सूचित करने की बात कही गयी है. इसके अलावा वैसे स्थान जहां जलजमाव की स्थिति बनी रहती है, उसे पूजा से पूर्व दुरुस्त किया जायेगा.
पूजा पंडालों पर रहेगी विशेष नजर,रखे जायेंगे डस्टबीन
नगर निगम क्षेत्र के सभी पूजा-पंडालों पर विशेष नजर रखी जायेगी. दुर्गा पूजा के अवसर पर विशेष साफ-सफाई के लिए सुपरवाइजरों की तैनाती की जायेगी. हर एक वार्ड में नगर निगम का एक सुपरवाइजर होगा, जिसका काम पूजा पंडालों और आसपास के क्षेत्रों को साफ-सुथरा रखने के लिए निगरानी करना है. साथ ही इनका मोबाइल नंबर पूजा पंडालों के अध्यक्ष के पास होगा, जो किसी भी तरह की अव्यवस्था देख उनसे संपर्क कर सकेंगे. इसके अलावा चिह्नित विसर्जन घाटों की साफ-सफाई के लिए अलग से निगम कर्मी को नियुक्त किया गया है. घाटों में पानी की सफाई व आसपास पड़े कचरों को हटाने का कार्य पूरा किया जा रहा है. हरेक घाटों पर गोताखोरों की व्यवस्था रहेगी. पूजा के दौरान शहर में अगर आप कहीं भी गंदगी देखें तो नगर निगम को किसी भी समय फोन घुमा सकते हैं.
कहते हैं नगर आयुक्त
दशहरा को लेकर नगर निगम की ओर से साफ-सफाई की सुदृढ़ व्यवस्था करायी गयी है. सिटी मैनेजर सहित दूसरे निगम कर्मियों को पत्र के माध्यम से इससे संबंधित कई तरह के निर्देश जारी कर दिये गये हैं. सिटी मैनेजर को कई बड़ी जिम्मेदारी सौंपी गयी है. निगम की ओर से संचालित कंट्रोल रूम से संपर्क कर गंदगी के संबंध में जानकारी दिया जा सकता है.
मो खब्बीर ,नगर आयुक्त
